सपा कार्यालय पर प्रशासन ने जड़ा ताला, झंडा फेंका,पार्टी का नाम हटाया, 35 से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): पीलीभीत में सपा कार्यालय के बाहर बुधवार को जोरदार हंगामा हो गया। नगर पालिका ने सपा कार्यालय पर ताला जड़ दिया गया। पेंट से सपा कार्यालय का नाम मिटवाया गया। पार्टी का झंडा उखाड़कर फेंक दिया गया। वहीं विरोध कर रहे सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा को पुलिस वालों ने धक्का तक दे दिया। सपा कार्यालय सरकारी जगह पर बना हुआ था, जिसे खाली करने के लिए प्रशासन ने 16 जून तक का समय दिया था। इसके बाद भी सपा नेताओं ने कार्यालय को खाली नहीं किया था। बुधवार सुबह 7 थानों की फोर्स (200 पुलिसकर्मियों से ज्यादा) मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं में नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने विरोध कर रहे 35 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
पीलीभीत में सपा कार्यालय नकटादाना चौराहा स्थित अधिशासी अधिकारी (EO) के आवासीय परिसर में सालों से चल रहा था। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले सपा जिलाध्यक्ष को नोटिस दी थी। इसके बाद भी कार्यालय खाली न करने पर प्रशासन ने आज एक्शन लिया। इससे 8 दिन पहले भी 50 पुलिस अफसर, पांच थानों के 200 पुलिसकर्मी और एक कंपनी PAC कब्जा हटवाने सपा कार्यालय पहुंची थी। तब पार्टी कार्यकर्ताओं ने 6 महीने का समय मांगा था, जिसके बाद उन्हें 16 जून तक का समय दिया गया था।
सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर ने बताया, सपा कार्यालय सालों से अवैध रूप से संचालित हो रहा था। यह भवन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आवास के रूप में दर्ज है। पहले ही नोटिस देकर इसका आवंटन रद्द किया जा चुका था। नोटिस का समय खत्म होने के बाद नगर पालिका ने नियमानुसार परिसर को अपने कब्जे में लिया है।
जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह 'जग्गा' ने बताया, आज इन्होंने सपा कार्यालय को खाली करवाया है। ये अत्याचारी सरकार है। हम लोगों का कार्यालय खाली करवाया है। इन लोगों के जिस तरह के कारनामे हैं। जिस तरह से इन लोगों ने जमीनें कब्जाई हैं, अपने बड़े-बड़े महल बनवाए हैं। उनकी रजिस्ट्रियों की जांच कराकर सपा भी इनके साथ ऐसा ही व्यवहार करेगी।