यूपी नगर निकाय चुनाव में वाराणसी के 100 वार्डों में 33 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित

यूपी नगर निकाय चुनाव में वाराणसी के 100 वार्डों में 33 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में यूपी में होने वाले वाले नगर निकाय चुनाव के लिये बहुप्रतीक्षित नगर निकाय, वार्डों के आरक्षण की प्रस्तावित सूची शासन ने जारी कर दी है। जारी आरक्षण के विषय में यदि किसी को कोई आपत्ति, सुझाव है तो वह आरक्षण की अधिसूचना के प्रकाशन की तिथि से सात दिन के अंदर लिखित में दे सकता है। सभी वार्ड की रिजर्वेशन लिस्ट जारी होने के बाद अब मेयर सीट को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं। अभी वाराणसी नगर निगम की मेयर सीट ओबीसी महिला थी, अब इसे लेकर यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि इस बार ये ओबीसी हो सकती है या नहीं। 

वाराणसी में पिछले 2017 निकाय चुनाव के मुकाबले इस बार चार अधिक वार्ड अनारक्षित हुए हैं। 2017 में 40 और इस बार 44 वार्डों को अनारक्षित किया गया है। 2017 में 90 वार्ड थे, जबकि इस बार 100 वार्ड हैं। 2017 में 50 में से 30 केवल महिलाओं के लिए आरक्षित की गई थी। इसमें 20 वार्ड सामान्य महिला, आठ ओबीसी महिला और दो एससी महिला के लिए आरक्षित था। इसके अलावा 16 वार्ड ओबीसी और चार एससी के लिए आरक्षित था। इस बार कुल 100 वार्ड हैं। इनमें से 44 वार्ड अनारक्षित किए गए हैं। 56 वार्ड आरक्षित किए हैं। इनमें 33 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। ओबीसी महिला के लिए नौ, एससी महिला के लिए तीन और महिलाओं के लिए 21 सीटें आरक्षित की गईं। इनके अलावा पिछड़ा वर्ग के लिए 18 और अनुसूचित जाति के लिए पांच सीटें आरक्षित की गई हैं। इन पर एक सप्ताह के भीतर आपत्तियों के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।