पूरी रात खड़े होकर सफर करने को मजबूर यात्री, किसी को दरवाजे तो किसी को बाथरूम के पास मिली जगह; बीमार मां को लेकर लौटने की चिंता में परिजन
वाराणसी (रणभेरी): दीपावली का त्योहार बीतने के बाद भी दूसरे शहरों में काम करने वाले लोगों का घर लौटने का सिलसिला जारी है। छठ पर्व नजदीक आते ही वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि किसी को बैठने की जगह नहीं मिल रही तो कोई दरवाजे के पास या बाथरूम के आसपास बैठकर सफर करने को मजबूर है।
स्टेशन पर मिले कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें पूरी रात खड़े होकर सफर करना पड़ा। त्योहार पर परिवार के बीच पहुंचने की चाह में लोग तमाम परेशानियां झेल रहे हैं। वहीं, वाराणसी इलाज कराने आए मरीज और उनके परिजन भी अब वापसी के लिए ट्रेन में जगह तलाश रहे हैं। टिकट और सीट नहीं मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

पूरी रात खड़े होकर किया सफर, अब बाथरूम के पास बैठने की मजबूरी
स्टेशन पर मिले एक यात्री ने बताया कि वह अहमदाबाद से खड़े होकर वाराणसी पहुंचे हैं। पूरी यात्रा के दौरान ट्रेन में बैठने की जगह नहीं मिली। अब दूसरी ट्रेन में कुछ जगह मिली है, लेकिन वह भी बाथरूम के पास बैठकर सफर करने की है। इसी तरह मुंबई से आए एक यात्री ने बताया कि उन्हें पूरी रात ट्रेन में खड़े होकर सफर करना पड़ा। त्योहार पर घर पहुंचना जरूरी था, इसलिए परेशानी के बावजूद यात्रा जारी रखी।
मां का इलाज कराने आए थे, अब वापसी के लिए नहीं मिल रहा टिकट
यात्रियों की भीड़ के बीच एक परिवार की परेशानी कुछ अलग है। एक यात्री अपनी मां को बीएचयू में इलाज के लिए दिखाने वाराणसी आए थे। उन्होंने बताया कि ट्रेन लेट होने के कारण वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके और पर्चा भी नहीं बन पाया। अब उन्हें वापस लौटना है, लेकिन किसी ट्रेन में टिकट नहीं मिल रहा है। बीमार मां को लेकर वापसी का सफर कैसे तय करें, यह उनके सामने सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है।
छठ पर्व पर घर पहुंचने की जल्दबाजी और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। किसी को लंबा सफर खड़े होकर तय करना पड़ रहा है तो कोई बीमार परिजन के साथ वापसी के लिए ट्रेन में जगह तलाशने को मजबूर है।
