ढाक की थाप और शंखध्वनि से गूंजती रही काशी, सिंदूर खेला कर बंगाली समाज की महिलाओं ने दी मां को विदाई
वाराणसी (रणभेरी): धर्मनगरी काशी में शुक्रवार को नवसंघ की मां काली की विसर्जन यात्रा श्रद्धा और उल्लास के बीच निकाली गई। मां के दर्शन और विदाई के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। ढाक की थाप, शंखध्वनि और मां काली के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा। मदनपुरा से मंदाकिनी कुंड तक करीब चार किलोमीटर की दूरी तय करने में सात घंटे से अधिक का समय लगा। यात्रा में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी रथ पर सवार नजर आए।
सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद दोपहर दो बजे मां काली की प्रतिमा को पंडाल से बाहर निकाला गया। इस दौरान बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां को भावपूर्ण विदाई दी। इसके बाद शाम 7:10 बजे विसर्जन यात्रा रवाना हुई। रास्ते भर श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
रात नौ बजे गोदौलिया चौराहे पर मां की प्रतिमा की सात बार परिक्रमा कराई गई। इसके बाद यात्रा मंदाकिनी कुंड पहुंची। रात 11:30 बजे कुंड पर आरती और पूजन के बाद मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। मां की विदाई के दौरान माहौल भावुक हो गया। श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और भक्तों ने अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ मां को विदाई दी।
ड्रोन से हुई निगरानी
विसर्जन यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ ड्रोन और थ्रेड ड्रोन के माध्यम से भी पूरे आयोजन पर नजर रखी गई। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की गई।
