नगर निगम की टीम को सौंपे गए कुत्ते, यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने की कार्रवाई
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जंक्शन (उत्तर रेलवे) परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए शनिवार को रेलवे प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। स्वास्थ्य निरीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक और पार्सल घर के आसपास से पांच आवारा कुत्तों को पकड़ा गया। बाद में सभी कुत्तों को नगर निगम की टीम के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे परिसर में आवारा कुत्तों के खुलेआम घूमने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। विशेषकर महिलाओं और छोटे बच्चों को कुत्तों के काटने का खतरा रहता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने नगर निगम के सहयोग से अभियान चलाया।
इस संबंध में नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन ने भी स्टेशन निदेशक को पत्र लिखकर आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद रेलवे प्रशासन की ओर से नगर निगम के साथ मिलकर अभियान चलाया गया।
अभियान में रेलवे की ओर से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, प्रदीप कुमार और प्रभात कुमार मौजूद रहे। वहीं नगर निगम की ओर से ड्राइवर राजन सहित कुत्तों को पकड़ने वाली टीम ने सहयोग किया। रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे परिसर को सुरक्षित रखने के लिए नगर निगम के सहयोग से आगे भी इस तरह के अभियान जारी रखे जाएंगे।
