15 नवंबर दोपहर 12 बजे से लागू होगी यातायात व्यवस्था, 16 नवंबर को पूजा समाप्ति तक रहेगी प्रभावी; श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बनाए गए अलग-अलग पार्किंग स्थल
वाराणसी (रणभेरी): सूर्य षष्ठी (डाला छठ) पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में रूट डायवर्जन लागू किया है। 15 नवंबर की शाम और 16 नवंबर की भोर में अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे। इसे देखते हुए घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र की ओर से जारी आदेश के अनुसार यातायात व्यवस्था 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात तक और 16 नवंबर को भोर में तीन बजे से पूजा समाप्त होने तक लागू रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार रामापुरा चौराहे से गोदौलिया की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। छठ पूजा में आने वाले वाहनों को मजदा टाकीज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज की ओर भेजा जाएगा।
बेनियाबाग तिराहे से रामापुरा जाने वाले वाहनों को बेनिया-पियरी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों की पार्किंग बेनिया पार्किंग में होगी। मैदागिन से गोदौलिया जाने वाले वाहनों को रोककर हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज और टाउनहाल पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। गोदौलिया से दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और शीतला घाट की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सोनारपुरा से गोदौलिया जाने वाले वाहनों को भदैनी की ओर मोड़ा जाएगा।
बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी की ओर जाने वाले वाहनों को रविंद्रपुरी की तरफ भेजा जाएगा। भदऊ चुंगी से भैंसासुर घाट और राजघाट पुल से नमो घाट की ओर भी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। नमो घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग काशी स्टेशन स्थित पानी टंकी मैदान में निर्धारित की गई है।
सूजाबाद पुलिस चौकी से राजघाट की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें पड़ाव से रामनगर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शास्त्री घाट जाने वाले वाहनों को आंबेडकर चौराहे से कचहरी और जेपी मेहता की ओर भेजा जाएगा। बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर के आसपास भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सामनेघाट क्षेत्र में अलग होगी पार्किंग व्यवस्था
सामनेघाट क्षेत्र में छठ पूजा के लिए आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, मालवाहक वाहनों और बसों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इन वाहनों की पार्किंग विश्वसुंदरी पुल के नीचे और सामनेघाट क्षेत्र में चिह्नित खाली मैदानों में कराई जाएगी।
बिहार से आने वाली निजी बसों को मुरारी चौक बस स्टैंड पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। इन बसों की पार्किंग स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल के सामने स्थित मैदान में होगी। यात्रियों को उतारने और बैठाने की व्यवस्था भी इसी स्थान पर की गई है। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि छठ पूजा के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे।
