वाराणसी (रणभेरी): डाला छठ पर्व पर गंगा घाटों, कुंडों, तालाबों और जलाशयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें तैनात रहेंगी। वहीं, अग्निशमन विभाग ने भी शहर के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों सहित विभिन्न स्थलों पर कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई है।
एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि वाराणसी के गंगा घाटों के अलावा बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी बचाव दल तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही चंदौली और गोरखपुर में भी एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद रहेंगी। करीब नौ टीमों को तैनाती के लिए तैयार किया गया है। प्रत्येक टीम में 30 प्रशिक्षित बचावकर्मी शामिल होंगे। आवश्यकता पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
जीवनरक्षक उपकरणों से लैस रहेंगी टीमें
बचाव दलों को रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बाय, ऑक्सीजन सिलेंडर सहित अन्य जरूरी जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशिक्षित गोताखोरों और पैरामेडिकल स्टाफ की मदद से डूबने की घटनाओं में तत्काल बचाव कार्य और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी। एनडीआरएफ मुख्यालय में भी जवानों और बचाव उपकरणों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा जाएगा, ताकि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
आठ प्रमुख स्थलों पर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी
अग्निशमन विभाग की ओर से भी छठ पर्व के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। विभाग के कर्मियों की ड्यूटी लाट भैरव, मार्कण्डेय महादेव, चितरंजन पार्क, दशाश्वमेध घाट, वरुण ब्रिज एवं शास्त्री घाट, सूर्य सरोवर, अस्सी घाट और शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर पर लगाई गई है।
जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि छठ व्रती और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकें और किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तत्काल मदद उपलब्ध कराई जा सके।
