UPTET-2026: 2 से 4 जुलाई तक होगी परीक्षा, 60 जिलों में 955 केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी

UPTET-2026: 2 से 4 जुलाई तक होगी परीक्षा, 60 जिलों में 955 केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने आगामी UPTET-2026 परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। आयोग की देखरेख में यह परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों में स्थित कुल 955 परीक्षा केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जाएगी। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार परीक्षा व्यवस्था को लेकर सभी स्तरों पर सतर्कता और निगरानी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

तीन दिन में दो पालियों में परीक्षा का आयोजन

UPTET-2026 की परीक्षा 2 जुलाई से 4 जुलाई तक आयोजित होगी। परीक्षा प्रत्येक दिन दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी, जबकि 4 जुलाई को केवल पहली पाली में परीक्षा ली जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 2 जुलाई को दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 3 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा तथा दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा कराई जाएगी। वहीं 4 जुलाई को केवल प्राथमिक स्तर की परीक्षा पहली पाली में संपन्न होगी।

परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक प्रथम पाली के लिए और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक द्वितीय पाली के लिए निर्धारित किया गया है।

अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध

आयोग की ओर से अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा जनपद से संबंधित अंतिम सूचना 22 जून से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से अपनी जानकारी का सत्यापन कर सकते हैं और यह भी देख सकते हैं कि उनका परीक्षा केंद्र किस जनपद में निर्धारित किया गया है।

30 जून से एडमिट कार्ड होंगे डाउनलोड

आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 30 जून से वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करें।

साथ ही आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि बिना वैध प्रवेश पत्र के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *