- गंभीर रूप से घायल चालक अस्पताल में भर्ती, पीछे से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर, फिर तीसरा वाहन भी भिड़ा
- क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहन हटने के बाद हाईवे पर यातायात हुआ सामान्य
वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में खजूरी चौकी के सामने नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार सुबह करीब पांच बजे तीन ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई की टीम के साथ राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर चोट के कारण उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। घायल चालक की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी रफीक के रूप में हुई। बताया गया कि टक्कर में उसके पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद रफीक ट्रक के बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया था। पुलिस और एनएचएआई कर्मियों ने पहले मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और इसके बाद गैस कटर व अन्य संसाधनों की मदद से केबिन को काटने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, एक ट्रक हाईवे से बाईं ओर उतरकर डीजल लेने जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और उसने आगे वाले ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रहा तीसरा ट्रक भी दूसरे ट्रक से जा भिड़ा। कुछ ही क्षणों में तीनों ट्रक आपस में टकरा गए।
हादसे में दूसरे ट्रक के चालक राजू कुमार को भी चोट आई है। उसे हल्की चोट बताई गई है। एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद पहले ट्रक का चालक अपने वाहन समेत मौके से निकल गया। पुलिस अब फरार चालक और ट्रक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद पुलिस और एनएचएआई की टीम ने हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। वाहनों के हटने के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई। फिलहाल मार्ग पर आवागमन सामान्य बताया जा रहा है।
