वाराणसी पहुंचे निशांत कुमार, सर्वेश्वरी आश्रम में लिया आशीर्वाद; बोले- डॉक्टर जीवनदाता, इसलिए हो रही कार्रवाई

वाराणसी पहुंचे निशांत कुमार, सर्वेश्वरी आश्रम में लिया आशीर्वाद; बोले- डॉक्टर जीवनदाता, इसलिए हो रही कार्रवाई

वाराणसी (रणभेरी): बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार रविवार को दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे। काशी प्रवास के दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया और पड़ाव स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह के आश्रम पहुंचकर पीठाधीश्वर परमपूज्य औघड़ गुरुपद संभव राम जी से आशीर्वाद लिया।

शाम को निशांत कुमार दशाश्वमेध घाट की प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल हुए। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण इन दिनों आरती घाट के बजाय गंगा सेवा निधि के कार्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है। निशांत कुमार ने करीब आधे घंटे तक आरती में उपस्थित रहकर मां गंगा का पूजन किया।

आरती के बाद उन्होंने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज किए। उन्होंने लिखा कि मां गंगा की आरती में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है और मां गंगा का आशीर्वाद देशवासियों पर बना रहे। इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने उन्हें अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

डॉक्टरों की छवि जीवनदाता की बनी रहे

वाराणसी पहुंचने के बाद बिहार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों और अस्पतालों के खिलाफ चल रही जांच व कार्रवाई को लेकर भी निशांत कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का मूल दायित्व लोगों का जीवन बचाना है। चिकित्सकों की पहचान समाज में जीवनदाता के रूप में बनी रहे, इसी उद्देश्य से विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई और सुधार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े सवाल पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वाहन में बैठकर रवाना हो गए।

वाराणसी पहुंचे निशांत कुमार, सर्वेश्वरी आश्रम में लिया आशीर्वाद; बोले- डॉक्टर जीवनदाता, इसलिए हो रही कार्रवाई

बचपन से काशी से जुड़ाव

निशांत कुमार ने काशी से अपने पारिवारिक जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका और उनके परिवार का वाराणसी से गहरा संबंध रहा है। करीब दस वर्ष की उम्र में पहली बार काशी आने के बाद उनका यहां आना-जाना बना रहा।

उन्होंने बताया कि पड़ाव स्थित सर्वेश्वरी आश्रम में उन्होंने दर्शन किए हैं और सोमवार सुबह बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने का कार्यक्रम है। राजनीतिक और चुनाव से जुड़े सवालों पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए।

परिवार का आश्रम से पुराना संबंध

निशांत कुमार के परिवार का श्री सर्वेश्वरी समूह से लंबे समय से आध्यात्मिक संबंध बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक, उनके पिता नीतीश कुमार, परिवार की बुजुर्ग सदस्य और उनके भाई वैद्य सतीश कुमार ने भी इसी परंपरा में दीक्षा ली है। बिहार में उनके पैतृक क्षेत्र में सर्वेश्वरी समूह का एक आश्रम भी मौजूद है।

आश्रम पहुंचने पर निशांत कुमार ने अघोरेश्वर महाप्रभु के विग्रह पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने अघोर गणेश की परिक्रमा की और चिरकुट देवी विहार मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *