डीडीयू जंक्शन पर 7.11 करोड़ का तस्करी का सोना जब्त: कमरबंद में छिपाकर दिल्ली ले जा रही महिला गिरफ्तार

डीडीयू जंक्शन पर 7.11 करोड़ का तस्करी का सोना जब्त: कमरबंद में छिपाकर दिल्ली ले जा रही महिला गिरफ्तार

ब्रह्मपुत्र मेल के AC-2 कोच से DRI की कार्रवाई, 42 गोल्ड बार और 20 कट पीस बरामद; बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल के रास्ते लाई गई थी खेप

वाराणसी (रणभेरी): डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने अंतरराज्यीय सोना तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए डीडीयू जंक्शन (पूर्व नाम मुगलसराय) से एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से करीब 7.11 करोड़ रुपए मूल्य का 99.5 प्रतिशत शुद्ध सोना बरामद हुआ है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह सोना बांग्लादेश से तस्करी कर पश्चिम बंगाल लाया गया था और वहां से ट्रेन के जरिए दिल्ली भेजा जा रहा था।

गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे ब्रह्मपुत्र मेल के डीडीयू जंक्शन पहुंचते ही DRI की टीम ने पहले से मिली खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की। प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर ट्रेन रुकते ही AC-2 कोच के बाहर एक संदिग्ध महिला को रोककर पूछताछ की गई। शुरुआती जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर महिला कर्मियों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान महिला के कमरबंद में काले कपड़े और अखबार में बेहद सावधानी से छिपाकर रखा गया सोना बरामद हुआ। अधिकारियों ने मौके से 42 गोल्ड बार और 20 कट पीस जब्त किए। बरामद सोने को जांच के लिए भेजा गया, जहां विशेषज्ञों ने इसकी शुद्धता 99.5 प्रतिशत प्रमाणित की। अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य के अनुसार इसकी कीमत लगभग 7.11 करोड़ रुपए आंकी गई है।

पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान मधु शर्मा (44), निवासी हुगली, पश्चिम बंगाल के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि सोने की खेप बांग्लादेश से तस्करी के जरिए पश्चिम बंगाल पहुंची थी। इसके बाद उसने कूच बिहार से ब्रह्मपुत्र मेल में सवार होकर इसे दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी ली थी। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा दिल्ली में यह खेप किसे सौंपी जानी थी।

DRI अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई से पहले लखनऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में तस्करी का सोना डीडीयू जंक्शन के रास्ते राजधानी भेजा जाएगा। इसी इनपुट के आधार पर विशेष टीम गठित की गई और रेलवे अधिकारियों के सहयोग से स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई गई।

सूचना पूरी तरह सटीक साबित हुई और टीम ने महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद महिला को वाराणसी लाकर पूछताछ की गई। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सप्तम कृष्ण कुमार की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

जांच एजेंसी अब बरामद सोने के स्रोत, तस्करी के पूरे नेटवर्क, फंडिंग और दिल्ली तक फैले संभावित सिंडिकेट की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच से इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकता है। फिलहाल बरामद सोने को DRI ने अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *