वाराणसी (रणभेरी): बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक कार करीब 50 फीट तक पलटते हुए आगे बढ़ गई और खिलाड़ियों के लिए बनाए गए रैम्प में फंसकर रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कार रैम्प में नहीं अटकती तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए सभी को हरहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:20 बजे हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर हुआ। यहां मारुति ब्रेजा और टाटा पंच की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टाटा पंच अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाते हुए करीब 50 फीट तक घिसटती चली गई और चौराहे पर बने रैम्प में जाकर अटक गई।
हादसे में मारुति ब्रेजा में सवार लोहता थाना क्षेत्र के मौढ़ेला निवासी प्रशांत कुमार शाह, मडुवाडीह के भुल्लनपुर निवासी यथार्थ गोस्वामी तथा सुंदरपुर निवासी मनीष पांडेय घायल हो गए। वहीं टाटा पंच में सवार मिर्जापुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बुंदेलखंडी निवासी वैभव चौरसिया और जय चौरसिया भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दुर्घटना के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। साथ ही घायलों के परिजनों को घटना की सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया।
बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
