वाराणसी (रणभेरी): मोहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान शहर के चेतगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब भीड़ के बीच दो पक्षों के लोगों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों से भी बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद लोगों को वहां से हटाया गया और स्थिति पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शिवाला क्षेत्र से गुरुवार देर रात पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया था। यह जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शुक्रवार सुबह नई सड़क क्षेत्र पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद थे। परंपरा के अनुसार जुलूस में शामिल “दूल्हा” ताजिया को छूने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान आगे बढ़ने और पहले ताजिया को स्पर्श करने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने विवाद को रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ युवक पुलिस से भी उलझ गए। इससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और भीड़ अनियंत्रित होने लगी। स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस और आरएएफ के जवान सक्रिय हुए तथा भीड़ को पीछे हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद लोग मौके से हटने लगे और हालात धीरे-धीरे सामान्य हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान नई सड़क इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस की कार्रवाई के बाद नई सड़क से औरंगाबाद मार्ग, चेतगंज और लक्सा क्षेत्र तक कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। हालांकि सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई के चलते किसी बड़े हादसे की नौबत नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि विवाद भीड़ के बीच आपसी कहासुनी के कारण हुआ था। समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
