गंगा के ऊपर तिरंगा, आसमान में राफेल की गर्जना! काशी में एयर शो का ऐसा रोमांच, तालियों से गूंज उठे घाट

गंगा के ऊपर तिरंगा, आसमान में राफेल की गर्जना! काशी में एयर शो का ऐसा रोमांच, तालियों से गूंज उठे घाट

वाराणसी (रणभेरी): धर्मनगरी काशी में शनिवार को एयर शो के दूसरे दिन आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना गूंज उठी। गंगा के ऊपर हेलिकॉप्टर से तिरंगा प्रदर्शन और राफेल, सुखोई व तेजस लड़ाकू विमानों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक एयर शो देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। विमानों की कलाबाजियां देखकर कहीं तालियां गूंजती रहीं, तो कहीं लोग मोबाइल से इन यादगार पलों को कैमरे में कैद करते नजर आए।

एयर शो शुरू होते ही नमो घाट पर उत्साह का माहौल बन गया। आसमान में तेज गर्जना के साथ लड़ाकू विमानों ने अपनी रफ्तार और कौशल का प्रदर्शन किया। राफेल के हवा में अचानक मुड़ने, नीचे की ओर आने और फिर तेजी से ऊंचाई पकड़ने जैसे करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं, सुखोई के हवाई करतबों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। तेजस की दमदार गर्जना से गंगा के घाट गूंज उठे।

गंगा के ऊपर तिरंगा, आसमान में राफेल की गर्जना! काशी में एयर शो का ऐसा रोमांच, तालियों से गूंज उठे घाट

इस दौरान भारतीय सेना का हेलिकॉप्टर तिरंगा लेकर गंगा के ऊपर से गुजरा। आसमान में लहराते तिरंगे को देखकर घाटों पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने तालियां बजाकर इस दृश्य का स्वागत किया। एयर शो के दौरान नमो घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया।

गंगा के ऊपर तिरंगा, आसमान में राफेल की गर्जना! काशी में एयर शो का ऐसा रोमांच, तालियों से गूंज उठे घाट

एयर शो को लेकर शहर के गंगा घाटों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। नमो घाट, अस्सी घाट समेत विभिन्न घाटों पर लोग विमानों के करतब देखने पहुंचे। कई लोगों ने अपने घरों की छतों से भी एयर शो का आनंद लिया। शहर के 84 गंगा घाटों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई है।

नमो घाट पर भारतीय रेलवे के अधिकारियों और उनके परिजनों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं, मीडियाकर्मियों और अन्य दर्शकों के लिए भी अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। एयर शो देखने के लिए एनसीसी कैडेट्स भी पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान काशीवासियों में देशभक्ति और रोमांच का माहौल देखने को मिला।

गंगा के ऊपर भारतीय तिरंगे का प्रदर्शन, लड़ाकू विमानों की गर्जना और आसमान में उनके हैरतअंगेज करतबों ने एयर शो के दूसरे दिन को यादगार बना दिया। घाटों पर उमड़ी भीड़ और दर्शकों का उत्साह इस आयोजन के प्रति लोगों के आकर्षण को दर्शाता रहा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *