बलिया से शाम 7:30 बजे रवाना होगी ट्रेन, अगले दिन सुबह 6 बजे पहुंचेगी कानपुर सेंट्रल; 24, 29 और 31 अक्टूबर को होगा संचालन
(रणभेरी): PET-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बलिया से कानपुर सेंट्रल के बीच अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन बलिया से शाम 7:30 बजे रवाना होगी और रात 10:50 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। यहां से अभ्यर्थी कानपुर के लिए यात्रा कर सकेंगे।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 05153 बलिया-कानपुर सेंट्रल अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 24, 29 और 31 अक्टूबर को चलाई जाएगी। यह ट्रेन बलिया से रवाना होकर यूसुफपुर, गाजीपुर सिटी और औड़िहार होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। ट्रेन वाराणसी सिटी स्टेशन पर रात 10:12 बजे, वाराणसी जंक्शन पर 10:30 बजे और बनारस स्टेशन पर 10:50 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 6 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंच जाएगी।
वापसी में भी मिलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन की सुविधा
कानपुर से बलिया लौटने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। गाड़ी संख्या 05154 कानपुर सेंट्रल-बलिया अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को चलाई जाएगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से दोपहर 12:55 बजे रवाना होकर रात 9:03 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रात 9:20 बजे वाराणसी जंक्शन और 9:35 बजे वाराणसी सिटी स्टेशन से होते हुए बलिया के लिए रवाना होगी। ट्रेन रात 1:15 बजे बलिया पहुंचेगी।
ट्रेन में होंगे 12 कोच, पूरी तरह अनारक्षित होगी व्यवस्था
रेलवे के मुताबिक, परीक्षा स्पेशल ट्रेन में साधारण द्वितीय श्रेणी के 10 कोच और एसएलआर के दो कोच समेत कुल 12 कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी, जिससे PET-2026 के अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए कानपुर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
