वाराणसी (रणभेरी): नमो घाट और गंगा के तटवर्ती इलाकों में आयोजित एयर शो के दौरान कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अलग-अलग घाटों पर तबीयत बिगड़ने के बाद चार लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहीं, गंगा में स्नान के दौरान डूबने की आशंका के बीच एक पर्यटक को एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बचा लिया। अस्पताल में उपचार के बाद चारों मरीजों की हालत सामान्य बताई गई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, गुरुवार को केदारघाट, गोदौलिया और राजघाट समेत विभिन्न स्थानों पर लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। केदारघाट निवासी निर्मल देव (25), गोदौलिया के संजय प्रजापति (35) और विकास प्रजापति (22) के अलावा राजघाट निवासी मनीष सिंह (50) को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने सभी की जांच कर आवश्यक उपचार किया।
गंगा में स्नान के दौरान पर्यटक को बचाया
एयर शो देखने और शहर घूमने आए केरल के एक पर्यटक के साथ गंगा में स्नान करते समय हादसा होते-होते बचा। वह नदी में डूबने की स्थिति में पहुंच गया था। इसी दौरान मौके पर तैनात एनडीआरएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाल लिया। मेडिकल टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद पर्यटक को 108 एंबुलेंस से एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया।
राजघाट पर दर्शक का रक्तचाप गिरा
राजघाट पर एयर शो देख रहे एक व्यक्ति का रक्तचाप अचानक कम हो गया। वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल उसकी जांच की और जरूरी दवा देकर प्राथमिक उपचार किया। बाद में उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति के अनुसार आगे की चिकित्सा व्यवस्था की गई।
मदनपुरा में दुकानों और इमारतों में लगी आग
उधर, गोदौलिया चौराहे से करीब 400 मीटर दूर मदनपुरा इलाके में पेंट और झाड़ू की दुकान में भीषण आग लगने से आसपास की दो चार मंजिला इमारतें बुरी तरह प्रभावित हुईं। आग की चपेट में आकर इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। इस घटना के दौरान दुकान संचालक संजय और विकास प्रजापति, जो दोनों भाई हैं, को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया और कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने तैनात की थीं टीमें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह के निर्देश पर एयर शो के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्यकर्मियों और 108 एंबुलेंस सेवा को सक्रिय रखा गया था। एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार, आपात स्थिति में मरीजों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी।
सीएमओ ने बताया कि आयोजन के दौरान लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके।
