गाजियाबाद: बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की चाकू गोदकर हत्या, दोस्तों ने सीने-पेट पर किए कई वार, परिजनों ने लगाया जाम

गाजियाबाद: बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की चाकू गोदकर हत्या, दोस्तों ने सीने-पेट पर किए कई वार, परिजनों ने लगाया जाम

(रणभेरी): गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके के शांतिनगर में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 11 बजे उसके दोस्त उसे बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बहाने घर से बुलाकर ले गए। पार्टी के दौरान 3 दोस्तों ने उसे घेर लिया। फिर सीने में तीन और पेट में चार बार चाकू मारा। हमले में उसकी आंतें बाहर आ गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने बताया कि मोहित का मोहल्ले के कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था। आरोपियों ने उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर के पास सुनसान जगह पर बुलाया था। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। उस झगड़े में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और दोस्ती भी हो गई थी। इसके बावजूद, पुरानी रंजिश के चलते आरोपी मोहित को खाटू श्याम जी और हरिद्वार भी ले गए थे। हालांकि, वे वहां हत्या करने में सफल नहीं हो पाए थे। बाद में उन्होंने जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर मोहित को बुलाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। महिलाएं धरने पर बैठ गईं और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करने लगीं। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान न्यू शांति नगर निवासी मोहित पुत्र बबलू शर्मा के रूप में हुई है। घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की है।

मोहित के परिवार की एक महिला ने बताया- गौरव अक्सर लड़ाई-झगड़ा करता रहता है। करीब दो-तीन महीने पहले भी उसने क्रॉसिंग इलाके में एक दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। उस मामले में वह जेल गया था, लेकिन करीब एक महीने बाद जमानत पर बाहर आ गया। मोहित के बड़े भाई मनीष ने बताया, “करीब 20 दिन पहले मोहित का उसके दोस्त गौरव और देव से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मोहित ने गौरव को थप्पड़ मार दिया था। उस समय उन्होंने बाहर देख लेने की धमकी दी थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया, लेकिन आरोपियों ने रंजिश नहीं छोड़ी।

समझौते के बाद सभी लोग साथ में खाटू श्याम और हरिद्वार भी गए थे। आरोप है कि उसी दौरान भी आरोपी हत्या की फिराक में थे, लेकिन मौका नहीं मिला। आखिरकार बुधवार रात बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर छह लोगों ने मिलकर मोहित की हत्या कर दी। मेरे भाई को उसके दोस्तों ने धोखे से घेरकर चाकू मारे। हमले में उसकी आंतें बाहर आ गईं।”

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया- हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *