(रणभेरी): हाल ही में आईपीएल में अपनी टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज स्थित आश्रम में दर्शन किए और करीब दो घंटे तक वहां रुके।
सूत्रों के अनुसार, सुबह लगभग 7 बजे दोनों कार से आश्रम परिसर पहुंचे। सुरक्षा और सादगी का ध्यान रखते हुए उन्होंने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और आश्रम में प्रवेश से पहले जूते उतारकर नंगे पांव अंदर गए। आश्रम में संत प्रेमानंद के शिष्यों ने उनका स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान दोनों ने संत से आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक चर्चा में समय बिताया। आश्रम से बाहर निकलते समय विराट कोहली के माथे पर चंदन और तिलक (त्रिपुंड) लगा हुआ दिखाई दिया। उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक भी थी, जो वहां से प्राप्त होने की बात कही जा रही है।

दर्शन के बाद यह दंपती आश्रम से लगभग 150 मीटर दूर स्थित संत हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम भी पैदल पहुंचे और वहां भी मत्था टेका।
गौरतलब है कि विराट और अनुष्का इससे पहले भी इस वर्ष अक्षय तृतीया के अवसर पर संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने सत्संग में भी भाग लिया था।
आईपीएल 2026 के फाइनल में कोहली के शानदार प्रदर्शन ने उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराया था। इस मैच में कोहली ने तेजतर्रार अर्धशतक लगाते हुए अपने आईपीएल करियर की सबसे प्रभावशाली पारियों में से एक खेली और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।
पूरे सीजन में विराट कोहली का फॉर्म बेहद स्थिर रहा। उन्होंने लगातार चौथे सीजन में 600 से अधिक रन बनाए और टीम के लिए सबसे ज्यादा 675 रन जोड़े। भले ही टीम का ओपनिंग संयोजन बार-बार बदला गया, लेकिन कोहली के प्रदर्शन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।

यह भी जानकारी सामने आई है कि कोहली और अनुष्का पिछले कुछ वर्षों में कई बार संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम जा चुके हैं। दोनों की यह इस साल की तीसरी और अब तक की सातवीं मुलाकात बताई जा रही है। इससे पहले भी वे अलग-अलग अवसरों पर, कभी बच्चों के साथ तो कभी निजी यात्रा पर वृंदावन पहुंचे हैं। वृंदावन की इस यात्रा के बाद एक बार फिर यह कपल चर्चा में है, जहां खेल और आध्यात्म का यह संगम लोगों के बीच खासा ध्यान आकर्षित कर रहा है।
