वाराणसी में महिला की सिर कूचकर हत्या, गांव में फैली सनसनी

वाराणसी में महिला की सिर कूचकर हत्या, गांव में फैली सनसनी

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के अनौरा गांव में गुरुवार की सुबह घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर खुन से लथपथ महिला की लाश मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला अपने मायके में आयी थी। महिला के सिर पर इस तरह से निर्मम प्रहार किया गया था कि उसकी आंख और दांत बाहर निकल आए थे। काफी देर तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पायी थी। बाद में मृतका के भाई राजकुमार ने उसकी शिनाख्त अपनी विधवा बहन मीना कुमारी (40) वर्ष के रूप में किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बड़ागांव थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस घटना का कारण संपत्ति विवाद सहित अन्य कारणों को मानकर पड़ताल कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के समीप स्थित गेहूं के खेत से खून लगा हुआ डंडा अपने कब्जे में लिया है।

जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के अनौरा गांव निवासी स्वर्गीय मताब चौहान की पुत्री मृतका मीना कुमारी की शादी आज से 20 वर्ष पूर्व जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना मुरादगंज निवासी स्वर्गीय हीरालाल के साथ हुई थी। शादी के 10 वर्ष बाद मृत महिला के पति की मौत हो गयी उसके बाद से ससुराल में पारिवारिक वाद विवाद होने लगा। इससे तंग आकर महिला मायके में अपने इकलौते पुत्र गोलू के साथ अलग मकान बनाकर रहने लगी। मृतका एक माह पूर्व अपने ससुराल गयी थी और बुधवार को ही पुन: मायके वापस लौटी थी और उसी रात अज्ञात हत्यारों ने इस घटना को अंजाम दे दिया। ग्रामीणों के अनुसार आज सुबह गांव के लोग टहलने निकले थे तो एक निजी संस्था के प्लाट के चारदीवारी के पास महिला की खून से लथपथ लाश को देखकर शोर मचाना शुरू किया। जिससे काफी भीड़ एकत्रित हो गयी। सिर और चेहरा कुचल दिये जाने के कारण काफी देर तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पायी।

गांव में इस बात की चर्चा रही कि मृतका महिला ने ससुराल की अपनी कुछ जमीन पूर्व में बेच दिया था। शेष जमीन को बेचने का प्रयास कर रही थी। मृतका का पुत्र गोलू अपने बुआ के घर रामनगर में रहता है पुलिस संपत्ति विवाद सहित हत्या के अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। बड़ागांव थाने की पुलिस के साथ आया डॉग स्क्वॉड घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित एक मंदिर तक गया। उसके बाद गन्ने के खेत के किनारे से होते हुए अनौरा गांव जाकर रुक गया। उधर, बड़ागांव थाना प्रभारी रामबाबू पटेल ने बताया कि महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है। वारदात की तफ्तीश के लिए 2 टीम लगाई गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।