Vice President Election 2022: उपराष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग जारी, PM नरेंद्र मोदी, पीटी उषा व पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने डाला वोट

Vice President Election 2022: उपराष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग जारी, PM नरेंद्र मोदी, पीटी उषा व पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने डाला वोट

(रणभेरी): देश के नए उपराष्ट्रपति पद के लिए आज वोटिंग शुरू हो गई है, शाम तक नतीजे भी आ जाएंगे। एनडीए (NDA) की तरफ से जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) मैदान में हैं तो विपक्ष ने मार्गरेट अल्वा (Margaret Alva) पर दांव चला है।  इस चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद वोट डाल रहे हैं। 

पीएम मोदी ने अपना वोट डाल दिया है। वही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर संसद भवन पहुंचे और उपराष्ट्रपति चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मनमोहन सिंह ने पिछले महीने राष्ट्रपति चुनाव में भी व्हीलचेयर से संसद भवन पहुंचकर वोट डाला था। संसद भवन में मतदान करने के लिए सांसदों की कतार लग गई है केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और अश्विनी वैष्णव ने भी मतदान किया। 

सदन में दोनों सदनों को मिलाकर कुल 788 सदस्य हैं। आंकड़ों के हिसाब से NDA कैंडिडेट और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ की स्थिति मजबूत दिख रही है। मार्गरेट अल्वा उनको टक्कर दे रहीं हैं।अभी लोकसभा में 543 सांसद हैं, जबकि राज्यसभा में 245 में से 8 सीटें खाली हैं। यानी निर्वाचन मंडल 780 सांसदों का है। ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव से दूर रहने की बात कही है। TMC के 36 सांसद हैं। इस तरह 744 सांसद वोटिंग में हिस्सा लेंगे। अगर यह सभी सांसद वोटिंग में हिस्सा लेते हैं तो बहुमत का आंकड़ा 372 रहेगा।

BJP के अपने 394 सांसद हैं, यह संख्या बहुमत के आंकड़े से ज्यादा है। इस तरह से देखा जाए तो BJP अकेले ही जगदीप धनखड़ को जितवा सकती है। उधर, बात NDA की करें तो 441 सांसद हैं, 5 मनोनीत का भी साथ मिला हुआ है। इस तरह से धनखड़ के पक्ष में 446 वोट हो जाते हैं। इन सभी वोटों से NDA जीत के अंतर बढ़ाना चाहेगी।NDA के सांसदों से जगदीप धनखड़ को तो बढ़त मिलती दिख ही रही है। इसके अलावा, BJD, YSRC, BSP, TDP, अकाली दल और शिंदे गुट का भी समर्थन हासिल है। इनके 81 सांसद हैं।

आंकड़ों के हिसाब से जगदीप धनखड़ को बहुमत के आंकड़े 372 से काफी ज्यादा वोट मिलते दिख रहे हैं। यह आंकड़ा करीब 70 प्रतिशत के करीब रह सकता है। पिछले उपराष्ट्रपति चुनाव में एम वेंकैया नायडू को करीब 68 प्रतिशत वोट मिले थे। इस हिसाब से माना जा रहा है कि धनखड़ इस चुनाव में वेंकैया नायडू को पीछे छोड़ सकते हैं।UPA की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के पास कांग्रेस, DMK, RJD, NCP और समाजवादी पार्टी के वोट हैं। इन पार्टियों के वोटों की संख्या 139 हैं। इनके अल्वा झारखंड मुक्ति मोर्चा, TRS और आम आदमी पार्टी ने भी अल्वा को वोट देने का फैसला किया है। इन तीनों के 29 सांसद हैं। शिवसेना के उद्धव गुट के 9 सांसद अल्वा के साथ हैं।

  • कैसे होती ही वोटों की गिनती?

उपराष्ट्रपति के चुनाव में वोटिंग खत्म होने के बाद आज ही वोटों की गिनती होगी। पहले राउंड की गिनती में देखा जाता है कि सभी उम्मीदवारों को पहली प्राथमिकता वाले वोट कितने मिले हैं. अगर पहले राउंड में ही किसी उम्मीदवार को जरूरी कोटे के बराबर या उससे ज्यादा वोट मिलते हैं तो उसे विजेता घोषित कर दिया जाता है। अगर ऐसा नहीं हो पाता तो उस उम्मीदवार को बाहर कर दिया जाता है जिसे सबसे कम वोट मिले हैं. फिर दूसरी प्राथमिका को चेक किया जाता है कि किस उम्मीदवार को सबसे ज्यादा मिली है. फिर उसकी प्राथमिकता वाले ये वोट दूसरे प्रत्याशी में ट्रांसफर कर दिए जाते हैं. बता दें कि उपराष्ट्रपति वेकैंया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को खत्म हो रहा है। 11 अगस्त को नए उपराष्ट्रपति शपथ लेंगे।