चाचा-भतीजे के बीच गिले-शिकवे खत्म, इटावा में अखिलेश ने मंच पर पांव छूकर लिया शिवपाल का आशीर्वाद

चाचा-भतीजे के बीच गिले-शिकवे खत्म, इटावा में अखिलेश ने मंच पर पांव छूकर लिया शिवपाल का आशीर्वाद

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा सीट के उप चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट को जीतने के लिए अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी मैदान में उतर आए हैं। इसी क्रम में रविवार को इटावा में चाचा-भतीजा एक साथ मंच पर नजर आए। लम्बे समय बाद मंच पर अखिलेश और शिवपाल सिंह यादव को एक साथ देखकर इटावा में भी लोग काफी प्रसन्न हैं। इटावा में अखिलेश यादव व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के मुखिया लम्बे समय बाद एक मंच पर आए। रविवार को सैफई के एसएस मेमोरियल स्कूल में आयोजित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में अखिलेश यादव के साथ मंच पर शिवपाल सिंह यादव भी बैठे थे।

वहीं, दो दिन से शिवपाल पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलकर डिंपल की जीत सुनिश्चित करने में जुट गए हैं। इस क्रम में रविवार को शिवापल सिंह यादव सैफई क्षेत्र में एक कार्यक्रम में पहुंचे हैं। यहां अपने संबोधन में शिवपाल ने भाजपा सरकार को आड़ें हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि एक साथ मिलकर ही भाजपा को हराया जा सकता है। आज से ही हमें मिलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि आपने कहा था कि एक हो जाओ, हम एक हो गए। वहीं, डिंपल यादव की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देशित भी कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव, प्रो.रामगोपाल यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं। इसके बाद शिवपाल और अखिलेश बैठक करेंगे। इटावा-मैनपुरी की राजनीति में भावनाएं और रिश्ते काफी अहम होते हैं। शिवपाल इसे बखूबी जानते और मानते हैं। उनका समर्थन डिंपल को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा कर सकता है। इसलिए, उनके निर्णय पर खुशी भी जताई जा रही है और उन्हें उचित स्थान देने की मांग भी हो रही है।