वाराणसी के रामनगर बाल संप्रेक्षण गृह से किशोर फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस

वाराणसी के रामनगर बाल संप्रेक्षण गृह से किशोर फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस

15 दिन पहले चोरी के मामले में कराया गया था दाखिल, बढ़ाई गई निगरानी

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के रामनगर स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह से एक किशोर फरार हो गया।चोरी के मामले में 12 अक्तूबर को किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की सफलता नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद प्रभारी अधीक्षक ने शुक्रवार की रात रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। रामनगर पुलिस बाल संप्रेक्षण गृह के आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही है।

बाल संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधीक्षक के अनुसार किशोर विशाल कुमार निवासी सैदा थाना कन्धरापुर आजमगढ़ को 15 दिन पहले चोरी के एक मामले में लाया गया था। गुरुवार की शाम संप्रेक्षण गृह के सुरक्षा कर्मी और कर्मचारी एक कमरे में बैठे हुए थे। बताया जाता है कि उसी दौरान एक किशोर हॉल से होते हुए बिजली के केबल तक पहुंचा। इसके बाद केबल पकड़ कर छत पर चढ़ा और फिर नीचे कूद गया। भोजन की व्यवस्था में लगे कर्मचारियों ने किशोर को छत से कूदते हुए देखा तो शोर मचाया। आनन-फानन सुरक्षा कर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन अंधेरा होने की वजह से सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को भी उसकी खोजबीन की गई, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। तब जाकर पुलिस को सूचना दी गई।

संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक दीपचंद मौर्य के अनुसार, 17 वर्षीय किशोर सारनाथ क्षेत्र के बरईपुर में किराये के मकान में रह कर ऑटो चलाता था। मूल रूप से वह आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना के सैदा गांव का रहने वाला है। वह चोरी के आरोप में पकड़ा गया था।उसके खिलाफ चोरी के आरोप में 5 मुकदमे दर्ज हैं। बीती 12 अक्टूबर को उसे जिला जेल से संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया गया था।