पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, बोले- "पंजाब मेरी रूह है, चाहे सब कुछ दांव पर क्यों न लगाना पड़े"

पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, बोले- "पंजाब मेरी रूह है, चाहे सब कुछ दांव पर क्यों न लगाना पड़े"

(रणभेरी): कोविड महामारी के दौरान मददगार बनकर सुर्खियों में आए बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद अब पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं। सोनू सूद ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह इस मुहिम में अकेले नहीं हैं, बल्कि कई लोगों को साथ जोड़कर प्रभावित परिवारों तक हर तरह की मदद पहुंचाएंगे।

सोमवार को सोनू सूद ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा-

 "मैं पंजाब के साथ खड़ा हूं। इन भीषण बाढ़ों से प्रभावित कोई भी अकेला नहीं है। हम सब मिलकर हर एक व्यक्ति को दोबारा खड़ा होने में मदद करेंगे। अगर आपको किसी भी तरह की मदद चाहिए, तो बेहिचक संदेश भेजें। हम पूरी कोशिश करेंगे कि आप तक पहुंच सकें। पंजाब मेरी रूह है। चाहे सब कुछ दांव पर क्यों न लगाना पड़े, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और कभी हार नहीं मानते।"

वीडियो में सोनू सूद ने पंजाबी भाषा में भी लोगों से अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब में कई जानें गई हैं, हजारों जानवर बह गए हैं और अब समय है कि सब मिलकर पंजाब को दोबारा खड़ा करें। उन्होंने गांव-गांव से लोगों को मदद के लिए आगे आने की अपील भी की।

सोनू सूद खुद पंजाब के मोगा जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसी भी व्यक्ति को मदद की जरूरत हो तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

पंजाब में बाढ़ की स्थिति

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब के 9 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इनमें फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला शामिल हैं। अब तक करीब 1312 गांव बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं।