भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेने सोनिया गांधी पहुंची मैसूर, 6 अक्टूबर को होंगी शामिल

भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेने सोनिया गांधी पहुंची मैसूर, 6 अक्टूबर को होंगी शामिल

(रणभेरी): कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को कर्नाटक के मैसूरु पहुंच गईं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि सोनिया गांधी छह अक्तूबर को मांड्या में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। भारत जोड़ो यात्रा के बारे बात करते हुए उन्होंने कहा कि, "दशहरे के कारण चार और पांच अक्टूबर को यात्रा को विश्राम दिया जाएगा और फिर छह अक्टूबर की सुबह यात्रा प्रारंभ होगी। लंबे समय बाद सोनिया गांधी पार्टी के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगी।

स्वास्थ्य कारणों के चलते वह पिछले कुछ चुनावों में प्रचार भी नहीं कर सकी हैं।"राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में है। यात्रा का समापन अगले साल की शुरुआत में कश्मीर में होगा। इस यात्रा में कुल 3570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

कर्नाटक में यात्रा के तीसरे दिन रविवार को राहुल गांधी ने नंजनगुड स्थित प्रसिद्ध प्राचीन श्रीकांतेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इससे पहले राहुल गांधी ने महात्मा गांधी(Mahatma Gandhi) की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने यहां खादी ग्रामोद्योग केंद्र का दौरा किया। आपको बता दें कि सन 1927 और 1932 में महात्मा गांधी ने भी दौरा किया था।