सीतापुर में द‍िल दहला देने वाला हादसा: 100 की रफ्तार ने ली बाइक सवार की जान, हैंडपंप का हत्था गर्दन से आर-पार

सीतापुर में द‍िल दहला देने वाला हादसा: 100 की रफ्तार ने ली बाइक सवार की जान, हैंडपंप का हत्था गर्दन से आर-पार

(रणभेरी): रफ़्तार का शौक कितना खतरनाक हो सकता है इसका ताजा मामला उत्तर प्रदेश के सीतापुर से सामने आया है। सीतापुर के पिसावा थाना क्षेत्र में दो युवक 100 की रफ्तार से एक बाइक पर जा रहे थे. तभी किसी वजह से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। जिसके चलते उनकी बाइक सड़क किनारे लगे एक हैंडपंप से जा टकराई और हैंडपंप का  हत्था एक युवकी की गर्दन के आरपार निकल गया। वहीं दूसरा युवक बुरी तरह से घायल होकर बेहोश हो गया।घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। चारों तरफ फैले खून व तड़पते युवक को देखकर सब सिहर गए। ग्रामीणों ने किसी तरह युवक के शरीर को हत्थे से अलग किया। दोनों युवकों में से किसी के पास हेलमेट नहीं था।

बुधवार को जिले के बरम्हौला गांव का 19 वर्षीय युवक अरुण गांव के ही एक अन्य युवक के साथ बाइक से जा रहा था। रास्ते में पिसावां कस्बे के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे हैंडपंप से जा टकराई। इसमें बाइक पर पीछे बैठे अरुण की गर्दन से नीचे हैंडपंप का हत्था ऐसे घुसा कि वह पीठ को चीरते हुए उस पार निकल गया। 10 मिनट दर्द से छटपटाता रहा, फिर उसकी मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा उसका भाई छिटककर 10 फीट दूर जा गिरा। बाइक 15 फीट दूर खाई में जा गिरी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मरने वाला युवक बाइक के पीछे बैठा था। मोड़ पर बाइक की स्पीड 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड में थी, तभी बेकाबू हो गई। पीछे बैठा युवक बाइक से उछलकर सीधे हैंडपंप के हत्थे से टकराया। हादसे के बाद हैंडपंप और आस-पास की जमीन खून से लाल हो गई थी।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। घायल युवक का इलाज जारी है। हादसा पिसावा थाना क्षेत्र में भकुरहा-गोपामऊ मार्ग पर पुलिस चौकी के पास हुआ। जिसने भी हादसे का मंजर देखा, वह सिहर उठा।

अरुण के पिता विद्याराम किसान हैं। उन्होंने बताया, बेटा अपने चचेरे भाई पवन के साथ बाइक से बरमभौंला गांव से गोपामऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। अरुण 4 भाइयों और 3 बहनों में तीसरे नंबर का था। भाइयों में सबसे बड़े प्रमोद (24), पुरुषोत्तम (21), अरुण (20) और सबसे छोटा रिंकू (11) है। भाइयों में किसी की शादी नहीं हुई है। बहनों में रीता की शादी हो चुकी है। वहीं, रेखा (16) और रुचि (8) पढ़ाई कर रही हैं। भतीजे पवन के माता-पिता का निधन हो चुका है। वह हमारे ही साथ रहता है। हम लोग ही उसकी देखभाल करते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, बाइक तेज रफ्तार में थी। मोड़ पर अचानक बेकाबू होकर सीधे नल से जा टकराई। बाइक सवारों के मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी। आशंका है कि हादसा शराब पीने की वजह से हुआ होगा।