रविदास जयंती पर 3 फरवरी को वाराणसी आएंगे संत निरंजन दास, संत के दरबार में लंगर छकेंगी राजनीतिक हस्तियां

रविदास जयंती पर 3 फरवरी को वाराणसी आएंगे संत निरंजन दास, संत के दरबार में लंगर छकेंगी राजनीतिक हस्तियां

वाराणसी (रणभेरी): 5 फरवरी को संत रविदास जयंती है। वाराणसी स्थित उनकी जन्म स्थली पर जयंती समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। उनकी जयंती पर PM मोदी सहित राजनीति के बड़े दिग्गज संत रविदास के दरबार मत्था टेकने आ सकते हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ, पंजाब के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मायावती, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, दिल्ली CM केजरीवाल सहित अन्य कई राजनैतिक लोग पहुंच सकते हैं। ये सभी यहां दर्शन पूजन के साथ लंगर भी छकेंगे। संत रविदास मंदिर के मैनेजर रणवीर सिंह ने बताया कि जयंती समारोह में शामिल होने के लिए कुछ राजनीतिक लोगों को भी आमंत्रण पत्र भेजा गया हैं। इसमें राष्ट्रपति भी हैं। उन्होंने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने आमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

निरंजन दास जालंधर पंजाब से 2 फरवरी को अनुयायियों के साथ स्पेशल ट्रेन से चलकर 3 फरवरी को सीर गोवर्धनपुर पहुंचेंगे। जहां मंदिर कमिटी के लोग उनका कैंट स्टेशन पर स्वागत करेंगे। वाराणसी में संत रविदास के सपनों का गांव बेगमपुरा सज गया है। रविदास जयंती पर उनकी जन्मस्थली वाराणसी के सीरगोवर्धन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं आते हैं। सभी संत रविदास के दरबार में मत्था टेकते हैं। इस वर्ष भी 1500 से अधिक सेवादारों ने जयंती की पूरी जिम्मेदारी संभाल ली हैं। सेवादारों ने लंगर हॉल, पंडाल, मंदिर परिसर, सुरक्षा सहित अन्य कार्यों की जिम्मेदारी को संभाल लिया हैं। आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर हॉल में बैठकर खाने की व्यवस्था की गई है। लंगर का भोजन पकाने के लिए सेवादार अपने कामों में लग गए हैं। संत रविदास जयंती की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह ने पंडाल, लंगर हॉल, सत्संग हॉल सहित मेला क्षेत्र में जाने वाले रास्तों का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर साथ में मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया। पुलिस के जवान हर पॉइंट पर तैनात हैं।