लखनऊ में प्रियंका गांधी का महिला मार्च: बड़ी संख्या में उमड़ा महिलाओं का हुजूम, गूंजा लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा

लखनऊ में प्रियंका गांधी का महिला मार्च: बड़ी संख्या में उमड़ा महिलाओं का हुजूम, गूंजा लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा

(रणभेरी): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च मंगलवार को लखनऊ में कांग्रेस की ओर से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में महिला मार्च निकाला गया। करीब तीन किलोमीटर के इस महिला मार्च में शामिल होने वाली कुछ महिलाओं को कांग्रेस की तरफ से स्कूटी तथा स्मार्ट फोन का भी ऑफर है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की महिला विंग ने राष्ट्रीय इकाई के साथ लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' महिला मार्च का आयोजन किया।

यह सिर्फ चुनावी नारा नहीं है, बल्कि देश-प्रदेश में महिलाओं को सामाजिक-आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए शुरू किया गया आंदोलन है। इसका उद्देश्य भारतीय राजनीति में महिलाओं व उनकी आकांक्षाओं को मुख्यधारा में लाना है। इस विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की ओर से 159 महिला उम्मीदवारों को पार्टी ने चुनाव लड़ने का मौका दिया।मार्च को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा सिर्फ चुनाव के लिए नहीं दिया गया है बल्कि यह एक आंदोलन है महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए।

महिला मार्च दोपहर में 1090 चौराहे से शुरू हुआ। यह धीरे-धीरे सिकंदरबाग की चौराहे की तरफ बढ़ रहा है। थोड़ी देर बाद वीरांगना ऊदा देवी प्रतिमा के पास आकर समाप्त होगा।यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बी. श्रीनिवासन,कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा और NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुमार मार्च में मौजूद हैं।