गोरखपुर में 31 अक्तूबर को महिला शक्ति के प्रचंड प्रदर्शन की तैयारी,योगी के गढ़ में प्रियंका बजाएंगी डंका

गोरखपुर में 31 अक्तूबर को महिला शक्ति के प्रचंड प्रदर्शन की तैयारी,योगी के गढ़ में प्रियंका बजाएंगी डंका

(रणभेरी): प्रियंका गांधी ने वाराणसी में नवरात्रों के दौरान बड़ी रैली कर अपना इरादा साफ कर चुकी है, 31 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के किले गोरखपुर में डंका बजाने की तैयारी कर रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की शहादत के दिन गोरखपुर में दो लाख से ज्यादा लोगों की विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं की होने की उम्मीद है। प्रियंका की योगी के किले को महिला शक्ति से भेदने की तैयारी है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी आज भी महिला शक्ति की बड़ी प्रतीक मानी जाती हैं। प्रियंका गांधी ने महिलाओं को टिकट बंटवारे में 40 फीसदी हिस्सेदारी देने की घोषणा कर रखी है। गोरखपुर कि रैली में महिला शक्ति की बड़ी उपस्थिति दिखाकर पार्टी अपने इस दावे को और पुष्ट करने का काम करेगी। इस रैली से महिलाओं को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की जायेगी कि यदि वे आगे बढ़ना चाहेंगी तो पार्टी पूरी ताकत के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी

पूर्वांचल में उत्तर प्रदेश विधानसभा की लगभग 125 सीटें आती हैं। यदि कोई राजनीतिक दल इस इलाके में अपनी पैठ मजबूत कर लेता है तो वह यूपी की बड़ी सियासी ताकत बन सकता है। संभवत: यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने चुनाव प्रचार के अभियान में भी इसी पूर्वांचल को सबसे ज्यादा अहमियत दी थी। अब कांग्रेस भी अपनी जड़ों की तलाश में दोबारा इसी क्षेत्र में आई है।  उत्तर प्रदेश के सभी महानगरों में प्रियंका गांधी की बड़ी-बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी। काशी के बाद गोरखपुर में रैली आयोजित की जा रही है। इसके बाद प्रयागराज, मेरठ, झांसी और अन्य इलाकों में भी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।