अफेयर के शक में प्रेग्नेंट पत्नी की गला रेतकर हत्या, थाने पहुंचा पति, बोला- साहब उसे मार दिया...लाश जाकर उठा लो

(रणभेरी): गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में एक पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। एक घंटे तक लाश के पास बैठा रहा, फिर थाने सरेंडर करने पहुंच गया। थानेदार से बोला- मैंने अपनी पत्नी को मार डाला। लाश घर पर पड़ी है। यह सुनते ही पुलिसकर्मी हैरान रह गए। आनन-फानन में पुलिस उसे लेकर उसके घर पहुंची। देखा तो महिला की लाश बेड पर खून से लथपथ पड़ी थी।
फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है। उधर आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने दो साल पहले लव-मैरिज की थी। अफेयर के शक में उसने बुधवार सुबह वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी अंगद शर्मा सहजनवा का रहने वाला है। वह तमिलनाडु में बढ़ई का काम करता था। उसने दो साल पहले नेहा से लव-मैरिज की थी। नेहा का घर अंगद के घर के सामने था। दोनों की जाति अलग-अलग होने के कारण परिवार वाले इस शादी के खिलाफ थे। इसलिए दोनों ने मंदिर में जाकर शादी की थी।
शादी के बाद अंगद पत्नी नेहा को लेकर तमिलनाडु चला गया था। कुछ समय बाद वह उसे वापस गांव ले आया। नेहा को सहजनवा में किराए पर कमरा दिलवाया गया, लेकिन बाद में वह गीडा थाना क्षेत्र में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के घर चली गई। वहां वह एक वाहन एजेंसी में काम करने लगी।
दो महीने पहले अंगद तमिलनाडु से वापस लौटा। उसने नेहा को किसी से फोन पर बात करते हुए देख लिया। इस पर उसने पूछा -किससे बात कर रही थी? नेहा ने जवाब दिया- कंपनी के प्रोजेक्ट के बारे में बात कर रही थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच रोज झगड़े होने लगे।
3 जून की रात दोनों के बीच फिर लड़ाई हुई। इसके बाद दोनों सो गए। बुधवार सुबह अंगद ने नेहा के सिर पर वार किया और फिर चाकू से गला रेत दिया। वारदात के बाद वह करीब एक घंटे तक लाश के पास बैठा रहा। इसके बाद वह खुद थाने पहुंच गया और हत्या की जानकारी दी।
नेहा की मां सियापति ने कहा-अंगद, सुग्रीव, त्रिलोकी, विशाल, बबलू, डबलू, राजू और हनुमान ने मेरी बेटी को मार डाला। पुलिस से जानकारी मिली तो मैं यहां पहुंची। उन्होंने कहा-आरोपियों को फांसी की सजा मिले। हम गरीब लोग हैं। ज्यादा जमीन और घर भी नहीं है।