आरोपी गायक समर सिंह की तलाश में पुलिस

आरोपी गायक समर सिंह की तलाश में पुलिस

आकांक्षा दुबे आत्महत्या प्रकरण : भाई का दावा-समर सिंह ने पोस्ट की डिलीट 

वाराणसी (रणभेरी): भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की आत्महत्या मामले में पुलिस आरोपी गायक समर सिंह और उसके भाई की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक, समर घर पर नहीं है। उसकी तलाश की जा रही है। आकांक्षा की मौत के बाद समर ने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त की थी। उसने लिखा था कि निशब्द। अब पुलिस समर की तलाश में दबिश दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। होटल के रूम की फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी पुलिस इंतजार कर रही है। इसके आने के बाद से पूरे मामले में तस्वीर काफी साफ हो जाएगी। पोस्टमॉर्टम के बाद शाम को मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताते चले, रविवार को आंकाक्षा का शव होटल के बंद कमरे में मिला था।  इस मामले में आंकाक्षा की मां मधु दुबे ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह, उनके भाई संजय सिंह और दो अन्य यानी 4 लोगों के खिलाफ हत्या में उकसाने की एफआईआर दर्ज कराई है। मां ने आरोप लगाया कि समर सिंह ने रिलेशनशिप में बेटी को धोखा दिया। उसे प्रताड़ित किया और मार डाला।आकांक्षा दुबे केस की पड़ताल कर रही सारनाथ थाने की पुलिस ने अभिनेत्री को होटल छोड़ने गए संदीप सिंह के अलावा दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। इनके फोन की भी जांच की जा रही है। यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि जिस पार्टी में आंकाक्षा गई थी, उसमें क्या हुआ था। कौन-कौन आया था। हालांकि, पुलिस ने अब तक पूछताछ से जुड़ी कोई डिटेल शेयर नहीं की है।

समर सिंह का अकाउंट खंगाल रही पुलिस

इस पूरे मामले में पुलिस इस बात को कंफर्म कर रही है कि यह सुसाइड का केस है। ऐसे में पुलिस जांच का एंगल अब उन कारणों का पता करने में लगा है जिस वजह से आकांक्षा ने सुसाइड किया है। पुलिस ने आंकाक्षा के मोबाइल की डिटेल्स निकाली है। ताकि, उस रात किस-किस से बात हुई यह पता चल पाए। साथ ही, इस मामले में आरोपी समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट भी चेक कर रही है। आकांक्षा के भाई का दावा-समर सिंह ने इंस्टाग्राम से हटाए कई पोस्ट उधर, आकांक्षा के भाई हरिओम दुबे ने दावा किया कि समर सिंह ने इंस्टाग्राम से कई पोस्ट डिलीट कर दी है। अगर वह दोषी नहीं हैं तो उन्हें पोस्ट नहीं हटानी चाहिए थी। उन्होंने समर और उनके भाई की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, अभिनेत्री की मौत के बाद समर सिंह का मोबाइल स्विच ऑफ है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जिस दिन आकांक्षा की मौत हुई उस दिन उनकी लोकेशन कहां थी? अभी वह कहां हैं। इस बारे में पता लगाया जा रहा है।

सीएम योगी से न्याय की गुहार

आकंक्षा के चाचा मुन्ना दुबे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मणिकर्णिका महाश्मशान में पर उन्होंने बात करते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं ह्त्या है। हमारी मुख्यमंत्री जी से मांग है कि वो हमें न्याय दिलाएं। मुन्ना दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा की समर सिंह की इनकी पुरानी रंजिश है। समर सिंह का ही इस मामले में पूरा हाथ है। उन्होंने कहा कि जब कोई अपने रूम में जाता है तो कमरा बंद कर लेता है तो कहां से मास्टर की आ गयी और उससे दरवाजा क्यों खोला गया। मुन्ना दुबे ने आरोप लगाया कि जिस तरह से आकांक्षा की लाश मिली है और उसका पैर और बदन का कई हिस्सा काला पड़ गया है। उससे प्रतीत होता है कि पहले आकांक्षा की ह्त्या की गयी है। उसके बाद उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए लटका दिया गया है।