दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट में यात्री ने केबिन क्रू से की मारपीट, FIR दर्ज

दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट में यात्री ने केबिन क्रू से की मारपीट, FIR दर्ज

(रणभेरी): एअर इंडिया की दिल्ली-लंदन उड़ान से सोमवार को एक अशिष्ट यात्री को उतार दिया गया। यात्री को उतारने के लिए विमान राष्ट्रीय राजधानी वापस आया था। बताया जा रहा है कि एअर इंडिया की फ्लाइट AI-111 में एक यात्री ने जमकर उत्पात मचाया। यात्री ने केबिन क्रू के साथ मारपीट भी की, जिसके बाद विमान को दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा। दिल्ली पुलिस ने एक 25 वर्षीय व्यक्ति जसकीरत सिंह को एयर इंडिया की फ्लाइट में अनियंत्रित व्यवहार के लिए हिरासत में लिया। वह अपने माता-पिता के साथ लंदन जा रहा था। यात्री पंजाब के कपूरथला का रहने वाला है।

एयर इंडिया की तरफ से बयान जारी करके कहा गया कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI 111 दिल्ली से लंदन लिए एक यात्री के गंभीर दुर्व्यवहार के कारण प्रस्थान के तुरंत बाद दिल्ली लौट आई। आगे कहा गया कि मौखिक और लिखित चेतावनियों पर ध्यान न देते हुए यात्री ने फ्लाइट के अंदर हंगामा जारी रखा। जिसमें केबिन क्रू के दो सदस्यों को चोट भी गई। दिल्ली में फ्लाइट की लैंडिंग के बाद यात्री को उतारकर सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया। पुलिस में एक प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। खास बात है कि यात्री के हंगामे के कारण अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया की फ्लाइट को री शेड्यूल करके लंदन के लिए फिर से रवाना किया है।