Nagar Nigam Election 2023: वाराणसी में आज बूथों पर पहुंच जाएंगी 100 वार्डों की पोलिंग पार्टियां

Nagar Nigam Election 2023: वाराणसी में आज बूथों पर पहुंच जाएंगी 100 वार्डों की पोलिंग पार्टियां

वाराणसी में 100 वार्डों के 1298 बूथों पर कल होगी वोटिंग

वाराणसी (रणभेरी ):  वाराणसी नगर निगम में पहले चरण यानी 4 मई को मतदान होना है। 13 मई को नतीजे जारी होंगे। निकाय चुनाव (Nagar Nigam Election ) के लिए जिले में सौ वार्डों से 408 मतदान केंद्रों पर बने 1298 बूथों पर वोटिंग होगी। इसके लिए पोलिंग पार्टियां एक दिन पूर्व यानी बुधवार की शाम ही बूथों पर पहुंच जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम ने बताया कि वाराणसी में निकाय चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा। वाराणसी नगर निगम पर महापौर पद के लिए ईवीएम मशीन से मतदान होगा। इसमें वरुणापार, कोतवाली, दशाश्वमेध और भेलूपुर जोन की पोलिंग पार्टियां पुलिस लाइन मैदान से मतदान केंद्रों पर रवाना होकर शाम तक बूथों पर पहुंच जाएंगी। एलटी कालेज ग्राउंड से आमदपुर जोन की पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो रही है। गंगापुर नगर पंचायत के लिए राजातालाब तहसील से पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो रही है। पहले चरण के नगर निकाय चुनाव के लिए मंगलवार की देर शाम प्रचार थम गया। बुधवार की सुबह पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा, जो कि शाम छह बजे तक चलता रहेगा।

वही चुनाव प्रचार की समयसीमा खत्म होते ही पुलिस सड़कों पर सक्रिय हो गई। जो प्रत्याशी या फिर उनके कार्यकर्ता वाहनों पर झंडा-बैनर लगाकर मिले, उन्हें उतरवाकर आगे भेजा गया। साथ ही आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने की बात कही गई। देश की सांस्कृतिक राजधानी का सियासी संग्राम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। मतदान से ठीक एक दिन पहले प्रत्याशी मतदाता पर्ची घर-घर पहुंचाने के अभियान में जुट गए हैं। नगर निगम के मेयर और पार्षद पद के चुनाव ईवीएम से होंगे। गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्य पद के चुनाव मतपत्र से कराए जाएंगे। मेयर पद के 11 और पार्षद के 637 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर चार और सदस्य के लिए 30 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।