मुलायम सिंह की हालत स्थिर,किडनी देने पहुंचा बीएचयू का छात्र

मुलायम सिंह की हालत स्थिर,किडनी देने पहुंचा बीएचयू का छात्र

(रणभेरी): समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार शाम गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। जहां डॉक्टर लगातार मुलायम सिंह यादव की सेहत पर नजर रख रहे हैं। अभी भी उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उनको सांस लेने में दिक्कत, यूरिन इन्फेक्शन और बीपी की शिकायत के बाद आईसीयू में एडमिट किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक अगले कुछ घंटे काफी नाजुक है। मुलायम सिंह की जांच रिपोर्ट और जो दवाएं उन्हें दी गई हैं, उनका असर देखने को मिलेगा। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इस बीच प्रदेश भर में मुलायम सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआएं की जा रही हैं। वहीं, सोमवार को अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव ने अस्पताल पहुंचकर मुलायम सिंह यादव का हालचाल जाना। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में ही मौजूद हैं। 

उधर, जैसे ही मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने की सूचना उनके चाहने वालों को लगी तो उनके शीघ्र स्वस्थ लाभ के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी का छात्र आशुतोष सिंह तो अपनी किडनी मुलायम सिंह को देने के लिए तैयार है। इसके लिए वह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचा है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत करीब तीन साल से गड़बड़ चल रही है। वह माह में कभी दो बार तो कभी एक बार जांच के लिए अस्पताल में भर्ती होते रहे हैं। लेकिन, अगस्त माह से उनकी हालत में लगातार गिरावट हुई है।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के मेदांता में भर्ती होने के बाद दिग्गज नेताओं ने उनके स्वस्थ होने की कामना की। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पार्टी नेताओें एवं कार्यकर्ताओं ने उनके स्वास्थ्य में सुधार को लेकर धार्मिक अनुष्ठान भी किए। लंबे समय से बीमार चल रहे 82 वर्षीय मुलायम का मेदांता में डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में उपचार चल रहा है। उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।