वाराणसी में देर रात तड़तड़ाई गोलियां : आपसी विवाद में दो युवकों को गोली मारी, दो घायल

वाराणसी में देर रात तड़तड़ाई गोलियां : आपसी विवाद में दो युवकों को गोली मारी, दो घायल

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के विश्वेश्वरगंज तिराहे पर रविवार देर रात मामूली विवाद में गोली चलने से दो युवक घायल हो गए। घायलों को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया है। घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। रात करीब 12 बजे पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी विशेश्वरगंज के तिराहे पर पानदरीबा के पार्षद अंकित यादव के साथ नाटी इमली निवासी विशाल यादव (24) और दारानगर के साहिल यादव (19) खड़े थे।

विशेश्वरगंज तिराहे पर विनोद कटरा के पास रविवार की रात आपसी विवाद में कार सवार हमलावरों ने वार्ड नंबर 72 पान दरीबा के पार्षद अंकित यादव पर गोली चलाई। हालांकि गोली उनके साथ मौजूद दो युवकों की हथेली पर लगी।अचानक क्षेत्र में गोली चलने से दहशत व्याप्त हो गई। दोनों का शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में उपचार कराया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। एसीपी कोतवाली त्रिलोचन त्रिपाठी ने बताया कि गोली चलने का आरोप लगाया जा रहा है, पुलिस एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अंकित का आरोप है कि इस दौरान वहां नक्खीघाट निवासी सपा नेता अपने साथियों के साथ पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर उलझ गया। इस दौरान किसी ने असलहा निकालकर फायर कर दिया। फायरिंग में विशाल और और साहिल को चोट आई है। इधर घटना के बाद गोली चलाने वाला युवक अपने साथियों के साथ कार से भाग निकला।सूचना पाकर मौके पर डीसीपी काशी जोन रामसेवक गौतम, एसीपी कोतवाली सहित आसपास के थानों की पुलिस पहुंची। घटना के संबंध में डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। दोनों के हथेली में गोली लगी है। वहीं गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।