जम्मू पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, जाने क्या है पूरा मामला

जम्मू पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, जाने क्या है पूरा मामला

(रणभेरी): हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जलाड़ी गांव में गुरुवार रात को जम्मू के डोडा से पहुंची पुलिस और कुछ लोगों ने गांव में हमला बोल दिया। मिली जानकारी के मुताबिक जलाड़ी गांव का एक युवक जम्मू से एक नाबालिग लड़की को भगााकर ले आया है। लड़की के परिजन, पुलिस और गांव के लोगों को साथ लेकर आधी रात को जलाड़ी गांव पहुंचे और हंगामा कर दिया। दोनों पक्षों के लोगों में पहले बहसबाजी हुई और बाद में हाथापाई शुरू हो गई। गुरुवार रात को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जम्मू के डोडा से पहुंची पुलिस ने लोगों पर आंसू गैस के गोले दाग दिए।स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई। साथ लगते थाने से पुलिस थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जम्मू पुलिस के अफसरों के साथ बातचीत कर मामले का पता लगाया।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत करवाया।वही हाथापाई के दौरान कुछ लोग घायल भी हुए हैं। आधी रात को जलाड़ी गांव छावनी में बदला हुआ नजर आया। डीएसपी मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।