वाराणसी में बुधवार की बीती रात से लगातार हुई बारिश, तापमान में आई गिरावट, तपन से लोगों को मिली राहत

वाराणसी में बुधवार की बीती रात से लगातार हुई बारिश, तापमान में आई गिरावट, तपन से लोगों को मिली राहत

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में बुधवार की बीती रात में 17 मिलीमीटर बरसात हुई। वही आसपास के जिलों में पिछले एक पखवाड़े से तेज धूप और उमस झेल रहे लोगों पर आसमान से राहत बरसी है। आज गुरुवार सुबह वाराणसी में पिछले तीन घंटे से लगातार बारिश हो रही है। वहीं हवा भी 6 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बह रही है। इस समय वाराणसी की हवा में नमी 98% है। बारिश होने से वाराणसी के तापमान में गिरावट आ गई है। गुरुवार को शहर का तापमान 26°C पर आ गया है। मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि आज पूरे दिन वाराणसी में बारिश हाे सकती है।

बुधवार रात से शुरू वर्षा की रिमझिम फुहार से लोगों को काफी राहत मिली। इससे मौसम में बहार आ गई और गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। रिमझिम बारिश की बूंदों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। रात भर बूंदाबांदी के बाद गुरुवार सुबह से ही गरज-चमक के साथ तेज बरसात शुरू हुई। इस कारण बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आज दिनभर ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।वहीं बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे। धान की नर्सरी को संजीवनी मिली है। किसानों को अब आगामी दिनों में तेज वर्षा होने की उम्मीद है। क्योंकि धान की नर्सरी तैयार है और वर्षा का साथ मिलते ही रोपाई शुरू हो जाएगी। इधर, बारिश के कारण शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर जलभराव भी हो गया।

गुरुवार सुबह 10 बजे तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बुधवार सुबह 10 बजे तापमान 33 डिग्री के पार था। बुधवार को दिन में जहां नम हवाओं के साथ बादल छाए रहे वहीं देर शाम गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार मानसून की द्रोणिका के पूर्वी क्षेत्र में आने की वजह से अब तीन- चार दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं। 

बुधवार को केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर सुबह आठ 60.40 मीटर दर्ज किया गया। फिलहाल गंगा अभी चेतावनी बिंदु से लगभग 10 मीटर नीचे हैं। हालांकि सुबह दशाश्वमेध घाट समेत सभी घाटों की निचली सीढ़ियां अब पानी में डूब गई हैं।गंगा के बढ़ने की यही रफ्तार रही तो घाट के नीचे की मढ़ियां भी डूब जाएंगे। वहीं घाटों पर चेतावनी के बोर्ड लगाए गए हैं और बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करने की अपील की गई है। फाफामऊ, मिर्जापुर और गाजीपुर में भी गंगा के जलस्तर में बढ़ाव जारी है। मंगलवार को गंगा का जलस्तर 59.78 मीटर था। वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 71.26 और खतरे का बिंदु 72.26 है।