किसान अपने-अपने घर जा रहे हैं लेकिन हम नहीं - राकेश टिकैत

किसान अपने-अपने घर जा रहे हैं लेकिन हम नहीं - राकेश टिकैत

(रणभेरी): कृषि कानूनों की वापसी और अन्य मांगो पर केंद्र से मिली सहमति के बाद से किसान की घर वापसी शुरू हो गई है।प्रदर्शनकारी किसान गाज़ीपुर बॉर्डर से प्रदर्शन-स्थल खाली करके जा रहे हैं। टिकैत बोले,"हम घर 15 दिसंबर को जाएंगे, क्योंकि अभी देश में हज़ारों धरने चल रहे हैं, हम पहले उन्हें समाप्त करवाएंगे और उन्हें घर वापस भेजेंगे। वहीं, जश्न में शामिल होने के लिए पंजाब और हरियाणा से करीब 500 ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ किसान कुंडली पहुंचे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा ने गुरुवार को सरकार के साथ सहमति बनने के बाद आंदोलन स्थगित करने की घोषणा कर दी थी और शनिवार से वापसी का एलान किया था। इस बीच किसानों ने गुरुवार से ही वापसी शुरू कर दी थी जो शुक्रवार को भी जारी रही। 

बता दें कि, राकेश टिकैत अभी दिल्ली-यूपी के गाज़ीपुर बॉर्डर पर हैं। वह भारतीय किसान यूनियन के नेता हैं। किसान आंदोलन को जारी रखने में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई। उनके अलावा भी बहुत से किसान नेता इस आंदोलन का हिस्सा रहे। सरकार को आखिर में झुकना पड़ा। जिसके परिणामस्वरूप संयुक्त किसान मोर्चा ने आज से प्रदर्शनकारी किसानों के आंदोलन स्थल से उठने की घोषणा की है। इस बीच किसान टिकरी बॉर्डर पर जश्न मनाते दिख रहे हैं।