अयोध्या में दीपोत्सव: 84 कोस में सजेगी साढ़े सात लाख दीपों की श्रृंखला

अयोध्या में दीपोत्सव: 84 कोस में सजेगी साढ़े सात लाख दीपों की श्रृंखला

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपोत्सव के मुख्य पर्व को लेकर पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। साथ ही आज अयोध्या में नया रिकॉर्ड बनने जा रहा है। सूबे की बीजेपी सरकार दीपोत्सव के आयोजन के जरिये इसे बेहद खास बनाना चाहती है। दीपोत्सव की विश्व स्तरीय पहचान बन गई है। दीयों को जलाने का हर साल विश्व रिकॉर्ड बन रहा है। ज्ञात हो कि अयोध्या में साढ़े सात लाख दीप एक साथ 40 मिनट में जलाने और पांच मिनट तक जलते रहने का नया विश्व कीर्तिमान बनने जा रहा है। वैसे साल 2017 से शुरू हुए दीपोत्सव ने हर साल नए कीर्तिमान बनाए हैं। गिनीज बुक की टीम हर वर्ष बन रहे रिकॉर्ड की साक्षी है।

लेकिन इस बार टीम फिर अयोध्या इसी के मद्देनजर पहुंची है।  सरयू किनारे रामकथा पार्क में बुधवार दोपहर पुष्पक विमान स्वरूप हेलीकॉप्टर से प्रभु राम, सीता व लक्ष्मण उतरेंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंत्रीगण और संत-धर्माचार्य दीप सजाकर प्रभु की अगवानी करेंगे।इसके बाद वे गुरू वशिष्ठ की भूमिका में भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। सीएम रामलला के दरबार भी जाएंगे इसके बाद सीएम, राज्यपाल सहित कई मंत्री मां सरयू की भव्य आरती भी उतारेंगे। यहां लेजर शो, दीपों की माला के साथ रंग-बिरंगी अयोध्या स्वर्ग की भांति दिखेगी। राम की पैड़ी के 32 घाटों पर कीर्तिमान बनाने को नौ लाख दीप जलाकर साढ़े सात लाख दीप एक साथ 40 मिनट में जलाने और पांच मिनट तक जलते रहने का नया विश्व कीर्तिमान बनाने का लक्ष्य अवध के 12 हजार युवा साधेंगे।

अयोध्या में दीपोत्सव का कार्यक्रम

2:30 बजे- भगवान श्रीराम सीता का हेलीकॉप्टर से आगमन।
3.00 बजे- रामायण चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन।
3:30 बजे - श्रीराम का राज्याभिषेक।
3:45 बजे- 12 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास।
4:00 बजे -सीएम योगी आदित्यनाथ का भाषण।
5:20 बजे- सरयू आरती।
6:00 बजे -राम की पैड़ी पर दीपोत्सव की शुरूआत।
7:40 बजे -राम की पैड़ी पर आतिशबाजी और लेजर शो।
8:30 बजे - श्रीलंका के सांस्कृतिक दल द्वारा रामलीला मंचन

दीपोत्सव से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या में दीपोत्सव देश और दुनिया का महत्वपूर्ण आयोजन बन गया है। इस साल अयोध्यान में 9 लाख दीये जलाए जाएंगे। नौ लाख की यह संख्या उन घरों का सूचक है जहां प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत  लोगों ने रहना शुरू कर दिया है।सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई भी दी। उन्होंने कहा, मेरी सभी जनप्रतिनिधियों से अपील है कि वे सब एक-एक घर को अपनाएं और उन घरों में दीप जलाने और मिठाई प्रदान करने में अपना योगदान दें, उन परिवारों के बच्चों को भी दीपावली का उपहार दें।