अमेठी में दलित युवक की गला रेतकर हत्या, हत्यारों ने रस्सी से हाथ पैर बांध कर मुंह में ठूंसा कपड़ा

अमेठी में दलित युवक की गला रेतकर हत्या, हत्यारों ने रस्सी से हाथ पैर बांध कर मुंह में ठूंसा कपड़ा

वाराणसी (रणभेरी): अमेठी जिले में  एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार रात  22 साल के दलित युवक की अज्ञात बदमाशों ने धार दार हथियार से गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी। उसका शव बुधवार सुबह 5 बजे पड़ोसी के पशुबाड़े में पड़ा मिला। युवक के दोनों हाथ-पैर बंधे हुए थे। मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। शव पर कंबल और पॉलीथीन डालकर छिपाने की कोशिश की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई।  पुलिस आशनाई के एंगल पर भी जांच कर रही है। 

ग्रामीणों का कहना है- युवक पड़ोस में ही रहने वाली लड़की से प्यार करता था। इस बात को लेकर पहले भी दोनों परिवार के बीच विवाद हुआ था। लड़के की शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी। उसकी मंगेतर ने बताया कि युवक ने एक संदिग्ध वीडियो बनाया था।

परिजनों के मुताबिक, युवक मंगलवार रात खाना खाने के बाद छत पर सोने गया था। सुबह छोटी बहन ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित पूरे रामा चौहान गांव की है।

अमेठी के पूरे रामा चौहान गांव के रहने वाले सिद्धार्थ मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी संगीता देवी, बेटा सागर और दो बेटियां आरती और स्वाती एसडीएम कॉलोनी में ही रहते हैं। बड़ी बहन आरती ने बताया- भाई सागर ने मंगलवार रात 11 बजे परिवार के साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद रोज की तरह ही बिस्तर लेकर छत पर सोने चले गए। हम सुबह 4 बजे भैया को उठाने छत पर गए तो वे वहां नहीं थे। हमें लगा शौच के लिए बाहर निकले होंगे। आधे घंटे तक नहीं लौटे तो हमने कॉल की। मगर उनका फोन स्विच ऑफ था। आसपास के रिश्तेदारों के पास भी कॉल की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

परिजनों ने बताया- पड़ोसी रवींद्र सिंह के पशुबाड़े से लगातार भैंसों की आवाज आ रही थी। हमने पास जाकर देखा तो सागर का शव बाड़े के अंदर पड़ा हुआ था। उसके हाथ-पैर बंधे और गला रेता हुआ था। शव को बोरी और पॉलीथिन से छिपाने की कोशिश की गई थी। आसपास के रहने वाले लोगों ने बताया- सागर पड़ोस में रहने वाले दलित परिवार की लड़की से एकतरफा प्यार करता था। रात में वह लड़की से चोरी छिपे मिलने भी गया था। दोनों के रिश्ते को लेकर लड़की के परिवार से उसका पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। मगर इसके बाद भी दोनों मिलते रहते थे।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया- आज सुबह पीआरबी को सूचना मिली कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे रामा चौहान गांव में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों से मिली तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगाई गई हैं।