वर्तमान सरकार नकारा, जनता चाह रही बदलाव : सुजीत यादव

वर्तमान सरकार नकारा, जनता चाह रही बदलाव : सुजीत यादव

चुनावी दंगल- समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान से खास बातचीत

वाराणसी (रणभेरी): पूर्वांचल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुटी प्रमुख पार्टियों का झुकाव छोटे सियासी दलों की तरफ बढ़ा है। भाजपा और सपा समेत लगभग सभी दल समाजिक और क्षेत्रीय समीकरण सुधारने के लिए छोटे दलों का सहारा ले रहे हैं। छोटे दल भले ही जिले तक सीमित हों पर उनका प्रभाव काफी बड़ा है। यह दल जाति आधारित है। इनका क्षेत्र विशेष प्रभाव रहता है। उनके इस प्रभाव को भुनाने की फिराक में बड़ी सियासी पार्टियां मशक्कत कर रही हैं। चुनावी माहौल के बीच प्रबुद्ध वर्ग यानी ब्राह्मण वर्ग का वोट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। सपा-बसपा ब्राह्मणों को साधने के साथ साथ महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दों पर बीजेपी को घेर रही है वहीं भी अपने साढ़े चार साल का लेखाजोखा जनता के बीच में रखकर चुनावी तैयारियों में जुटी है। हर राजनीतिक दल जातिगत राजनीति के सहारे 2022 की चुनावी नाव को पार लगाना चाहता है। प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने छोटे दलों से गठबंधन करने का निर्णय लिया है। अखिलेश ने साफ तौर पर कहा भी है कि बड़ी पार्टियों से हमारा गठबंधन का अनुभव अच्छा नहीं रहा है। इस कारण इस बार हम छोटे दलों के साथ चुनाव लड़ेगें। सपा ने महान दल के साथ हांथ मिलाया है। उसका प्रभाव बरेली, बदायूं और आगरा क्षेत्र के सैनी, कुशवाहा शाक्य के बीच है। इसके अलावा जनवादी पार्टी भी सपा के साथ है। इसके अलावा सपा का आरएलडी से गठबंधन लोकसभा चुनाव से चला आ रहा है। अब सीटों को लेकर बात हो रही है।

सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के साथ गठबंधन की घोषणा कर रखी हैं। ओमप्रकाश राजभर के भागीदारी संकल्प मोचरे में भारतीय वंचित पार्टी, जनता क्रांति पार्टी, राष्ट्र उदय पार्टी और अपना दल शामिल है। यह पार्टियां अभी जाति विशेष में अपनी पकड़ के कारण चुनाव में असरदार साबित होती है। 2017 के विधानसभा चुनावों में, सुभासपा ने भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा जिसमें से चार पर जीत हासिल की थी। एक सहयोगी के रूप में सुभासपा के साथ, सपा राजभर के वोटों को हासिल करने के लिए आशान्वित है। समाजवादी पार्टी भाजपा सरकार को बेरोजगारी, महंगाई औ? भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरने में जुटी हैं।

अखिलेश यादव की सक्रियता और लोकप्रियता ने यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार फिर से एक नया मोड़ ला दिया है। अखिलेश यादव को जिस तरीके से युवाओं का समर्थन और साथ मिल रहा है उससे यह सुनिश्चित है कि अखिलेश आज भी युवाओं के लोकप्रिय नेता हैं। अखिलेश के कुनबे को मजबूत होता देख अन्य पार्टियों की नींदे उड़ गई है। सभी पार्टियां विधानसभा चुनाव 2022 में अपना दमखम दिखाने में जुट गई है। इसी क्रम में आपके अखबार "रणभेरी" ने यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 की रणनीतियों को लेकर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान से बात की। आईये, जानते है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की क्या तैयारी है...!

सवाल: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आपकी पार्टी की क्या तैयारी है ?

जवाब: चुनाव को लेकर हमारी पूरी तैयारी हो चुकी है। हम ही नहीं जनता ने भी तैयारियां पूरी कर ली है। महंगाई को लेकर वह चिंतित है और तैयार बैठी है कि कब चुनाव हो और सत्ता परिवर्तित हो जाए। 

सवाल: इस विधानसभा चुनाव में आप की पार्टी के क्या क्या मुद्दे होंगे ? 

जवाब: मुद्दे तो बहुत है। इनमें सबसे प्रमुख महंगाई और बेरोजगारी है जो छात्रों, नौजवानों, किसानों, गरीबों का हाल बेहाल कर रही है। पेट्रोलझ्रडीजल के बढ़ते दाम, बुनकरों और किसानों के लिए मुसीबत बना है। महंगाई और बेरोजगारी से बढ़कर और मुद्दा हो नहीं सकता। गुंडाराज चरम पर है। वर्तमान सरकार कहती थी की गुंडा मुक्त सरकार होगी पर इस सरकार में न पत्रकार सुरक्षित है, न व्यापारी सुरक्षित है, न महिलाएं सुरक्षित है न कोई गरीब सुरक्षित है। ये बाबा जी के बस की बात नहीं है कि वह उत्तर प्रदेश के गद्दी को संभाल सके। जनता इंतजार कर रही है कब चुनाव हो और अखिलेश यादव मुखमंत्री बने। 

सवाल: क्या आपको लगता है 2022 में समाजवादी पार्टी पून: सत्ता पर काबिज हो पाएगी ?

जवाब: हमें तो जनता बता रही है की जनता तय कर चुकी है। जनता वर्तमान सरकार से तंग आ चुकी है। भाजपा सरकार को जनता नकार चुकी है। गंगा मां ने उन्हे बुलाया था अब तो वो भी नकार चुकी है। 2022 में समाजवादी पार्टी पून: सरकार बनाने जा रही है। 

सवाल: 2017 के विधानसभा चुनाव में ऐसी क्या गलती हुई या क्या खामियां रह गई जिसे समाजवादी पार्टी सरकार नहीं बना सकी ? 

जवाब: कोई गलतियां नहीं हुई कोई कमी नहीं थी बस झूठ बोलकर सत्ता पाने वाले लोग उत्तर प्रदेश की भोली भाली जनता को एक जाति आधार का मुख्यमंत्री बता ये लोग सत्ता में आए हैं। अब जनता जान चुकी है की झूठ बोलकर हमारे साथ छल किया गया है। चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो हर तरफ लाचारी है, दुर्व्यवस्था है। बेरोजगारी से युवा परेशान है। महंगाई से हर वर्ग परेशान हैं। किसान, बुनकर परेशान है। एक सपना दिखाए थे उत्तर प्रदेश को हम उत्तम प्रदेश बनाएंगे, सोने की चिड़िया बना देंगे। सजाने का वादा करके आए थे और देश को बेचने में लग गए। यह निकम्मी सरकार है जिसे जनता इसबार बदलने का मन बना चुकी है।

सवाल: यदि आपकी पार्टी की सरकार बनती है तो महंगाई दर को कम करने के लिए क्या करेगी ?

जवाब: सरकार बनने पर बढ़ी महंगाई पर कार्य किया जायेगा, इसे कम करने का काम होगा। अखिलेश यादव जी यही चाहेंगे कि गरीब पर कम से कम भार पड़े। हमारे किसान, बुनकर, छात्र जो परेशान हैं उनके लिए काम किया जायेगा ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। सपा सरकार में जो बेरोजगारी भत्ता दिया जाता था, गरीब बच्चियों की शादी के लिए 40 हजार रुपए देने की योजना थी उसे बंद कर दिया गया, जिसे सरकार बनने में पून: शुरू किया जाएगा। 

सवाल: एक समय था जब सपा कार्यकर्ता सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करते नजर आते थे पर अब ऐसा दिखाई नहीं पड़ता, ऐसा क्यों ?

जवाब: विरोध जारी है। हम विरोध करेंगे तो हम पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा। हम हिन्दू -मुस्लिम की बात करेंगे तो मुकदमा हो जाएगा। अभी मोदी या योगी पर कोई टिप्पणी कर दे तो हमारे कार्यकतार्ओं को जेल भेजा दिया जाएगा। 

सवाल: अखिलेश यादव की बात करें तो वह भी ट्विटर के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हैं तो आपको क्या लगता है ट्विटर के जरिए आप इस चुनाव को जीत पाएंगे ?

जवाब: सोशल मीडिया का जमाना है। अब मीडिया तो कुछ दिखाएगी नहीं, तो हम लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं ताकि लोगों तक सच और अपनी बात पहुंचा सके। योगी सरकार जिस दिन तानाशाही और फर्जी मुकदमें लिखवाना बंद कर दे उस दिन से सड़कों पर जगह नहीं मिलेगी चलने के लिए। जनता हमारे साथ चलेगी। 

सवाल: वाराणसी विधानसभा सीटों की बात करें तो 8 में से किसी एक पर भी समाजवादी पार्टी के विधायक नजर नहींआते, इसपर क्या कहना चाहेंगे आप ? 

जवाब: इसे लेकर हमारी संघर्ष जारी है और इस विधानसभा चुनाव में उम्मीद है कि हम 8 सीटों में से 8 सीट जीतने जा रहे है। 

सवाल: वाराणसी में भाजपा का दबदबा रहा है तो आप भाजपा जैसे बड़ी पार्टियों का सामना कैसे करेंगे? 
जवाब: हम सभी पार्टियों का सामना करने के लिए तैयार हैं, अच्छी तरह से सामना भी करेंगे। इसी पंचायत चुनाव में हमारा पर्चा जिला पंचायत का जबरन खारिज किया गया, नहीं तो आज जिला पंचायत अध्यक्ष समाजवादी पार्टी का होता। यह सरकारी अधिकारी भी जान रहे है और बड़े नेता भी जान रहे है, हमे कैसे हराया गया। इस विधानसभा चुनाव में वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के पांचों सीटें चाहे रोहनिया, सेवापुरी, अजगरा, शिवपुर या पिंडरा हो, हम जीतने जा रहे हैं।

सवाल: प्रधानमंत्री मोदी ने बनारस को क्योटो बनाने का वादा किया था, अगर आपके पार्टी सरकार बनाती है तो बनारस को क्या बनाना चाहेगी ?

जवाब: सबसे पहले तो सरकार बनने पर हम बड़े सुंदर से काशी को सजाएंगे जहां काशीवासी सुबह शाम अच्छे से टहल सके। क्योटो को छोड़िए, लोगों का पेट भरना चाहिए जब पेट भरा होगा तभी सब अच्छा लगेगा। इसलिए सबसे पहले हम किसानों के लिए काम करेंगे, फिर शिक्षा में भी सुधार लायेंगे। उसके बाद हम खेलों पर भी ध्यान देंगे की यूपी से कुछ खिलाड़ी भी निकल सकें। बता दें कि बनारस से सभी ब्लाक प्रमुख भाजपा के है, जिला पंचायत भी भाजपा के है, शुरू से यहां महापौर भाजपा के ही रहे हैं और ये विकास की बातें हमसे पूछते हैं। सरकार बनने पर विकास कार्यों को जरूर किया जाएगा। सपा सरकार में ही ये सड़के, पुल बनाई गई, प्रदेश के विकास के लिए कार्य किया गया ये योगी सरकार ने कुछ नहीं किया है। 

सवाल: तो क्या योगी सरकार ने अबतक कोई विकास कार्य नहीं किया ? 

जवाब: योगी सरकार ने कोई ऐसा कार्य नहीं किया जिससे जनता को फायदा पहुंचा सके। योगी सरकार ने बस हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद का कार्य किया और कुछ नहीं। चुनाव आ रहे हैं तो खेल को भी राजनीति से जोड़ रहे हैं। अभी जब हमारे खिलाड़ी मैच जीत कर आए तो ऐसा दिखाते है जैसे प्रधानमंत्री ने जीत दिलाई हो। 

सवाल: आप की सरकार बनती है तो युवाओं के भविष्य के लिए क्या करेगी?

जवाब: नौजवानों को सबसे आगे रखा जाएगा। पुलिस की भर्ती, पीसीएस की भर्ती, राज्य में जहां कर्मचारियों की नियुक्ति होनी है तुरंत किया जायेगा, हमारी सरकार में बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा। 

सवाल: क्या युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, लैपटॉप या स्मार्टफोन देने से प्रदेश से रोजगार की समस्या समाप्त हो जाएगी? 

जवाब: बिल्कुल नहीं, हम युवाओं को रोजगार देंगे, जो बेरोजगार जितना शिक्षित है उसके हिसाब से उसे रोजगार दिया जाएगा। नौकरियां बहाल की जाएंगी, छोटे कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, बुनकरोंझ्र किसानों को मदद किया जाएगा। जिससे रोजगार बढ़ेगा और कोई बेरोजगार नहीं रहेगा।

सवाल: सभी पार्टी कुछ न कुछ वादा कर रही है चुनाव से पहले तो ऐसे मे समाजवादी पार्टी क्या वादा करने वाली है ? 

जवाब: जो भी वादा है हमारे राष्ट्रिय अध्यक्ष करेंगे। अखिलेश यादव जो कहेंगे वो करके दिखायेंगे। हमारे कथनी और करनी में कोई अंतर नही होता।

सवाल: वर्तमान सरकार के साढ़े चार साल के कार्य काल को आप किस तरह से देखते है ? 

जवाब: जिस नजर से जनता देख रही है उसी नजर से हम भी देख रहे है। भाजपा के लोग जब से कुर्सी पर बैठे हैं तबसे सिर्फ अत्याचार, बलात्कार , लूट, हत्या और महंगाई बढ़ी है। उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नही है। जब से बाबा जी आये है कोई भी कर्मचारी इनके साथ नहीं  है। अगर कोई कर्मचारी साथ है भी तो वो है पुलिस वाले वो भी सिर्फ इसलिए क्यूंकि उनको नौकरी करनी है घर परिवार चलाना है वरना कोई इनके साथ खडा होने वाला नही है। आज से कुछ दिन पहले रोहनिया विधान सभा छेत्र में एक गरीब आदमी अपने परिवार के साथ सो रहा था इन लोगो ने बुलडोजर लगवा के उस परिवार के 20 घर ढहा दिया। ये भी नही सोचा की रात का समय है गरीब आदमी अपने परिवार के साथ कैसे सो रहा होगा। महिलाओं और बच्चों का भी ध्यान नहीं रखा। वर्तमान सरकार में सिर्फ वही लोग रह सकते जो टैक्स दे रहे है गुंडा माफिया है, जो बीजेपी को चला रहे है। इस ठंडे में जहां सरकार को कंबल और चादर देना चाहिए तो ये सरकार उनका घर उजाड़ रही है।  यहाँ का प्रशासन अंधा हो चुका है। 

सवाल: योगी आदित्यनाथ को एक लाइन में परिभाषित करना हुआ तो आप क्या कहना चाहेंगे?

 जवाब:  इसका जवाब तो जनता ही दे देगी एक बार वोटिंग हो जाने दीजिये सत्ता जाना तय है परिवर्तन होना तय है।

सवाल: इस बार देखा जा रहा है की अखिलेश यादव छोटे छोटे दलों से गठबंध कर रहे है इससे समाजवादी पार्टी को कितना फायदा होने वाला है ? 

जवाब: वो हमारे राष्ट्रिय अध्यक्ष है। वो जो भी निर्णय लेंगे वो पार्टी के लिए उचित होगा हम तो छोटे से कार्य करता है वो जैसा सोचेंगे हम उनके साथ है।

सवाल: समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो फिर वो क्या करने वाली है सरकार बनने पर ? 

जवाब: समाजवादी पार्टी किसानों नवजवानों की पार्टी है। पहला काम किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा। दूसरा काम किसानों और बुनकारो को सस्ते दर पर बिजली दिया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान है।

सवाल: अगर आपकी पार्टी सरकार बनाती है तो महिलाओ के सुरक्षा के लिए क्या करेगी ?

जवाब: महिला सुरक्षा के लिए सबसे पहले पर्चा भरते समय उनका साड़ी नहीं खिचने देंगे। पहले उनको सुरक्षा देंगे। वो हमारी मां है बहन है। गुंडा राज हटाना पड़ेगा महिलाओं को पर्चा नहीं भरने दिया जा रहा बल्कि उनका अपहरण कर लिया जा रहा। महिलाओं के हित में जितना भी हो सकेगा किया जायेगा।

सवाल: अखिलेश यादव को छोड़ कर कोई और नेता जो आपको प्रेरित करते है ?

जवाब: नहीं,  कोई नेता नहीं है। हमें अपनी पार्टी, जहां हम पैदा हुए वो ही अच्छा लगता है। अपना नेता अच्छा लगता और अपनी पार्टी का नेता अच्छा लगता है।

सवाल: जनता को एक संदेश ?

जवाब: किसी के बहकावे में ना आए। जातिवादी वाली राजनीति दलदल में न फंसे। अखिलेश यादव को वोट दे वो आपके लिए सही नेता है।