Ayodhya में ‘राम जन्म महोत्सव’ के आयोजन शामिल हो सकते हैं सीएम योगी

Ayodhya में ‘राम जन्म महोत्सव’ के आयोजन शामिल हो सकते हैं सीएम योगी

वाराणसी (रणभेरी): भगवान राम की नगरी में रामलला के जन्मोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट ने कमर कस ली है। भगवान रामलला के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन 9 दिन होगा। राम जन्मोत्सव के महोत्सव की शुरुआत 22 मार्च से होगी और 31 मार्च को समाप्त होगी। इसे लेकर ट्रस्ट ने एक पोस्टर जारी किया है। इसमें पूरे कार्यक्रम का ब्योरा दिया गया है। ट्रस्ट के एक अधिकारी ने कहा कि इसमें 'रन फॉर राम' मैराथन दौड का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कुश्ती, कबड्डी, बोट रेस, तलवारबाजी और साइकिल रेस सहित खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। ट्रस्ट के अधिकारी ने बताया कि राम जन्म महोत्सव के दौरान शाम को धार्मिक सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें रामचरितमानस के प्रसंगों पर आधारित नाटक, संगीतमय प्रस्तुतियां और हिंदी कवियों का जमावड़ा भी लगेगा। साथ ही इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश के 16 जिलों में चल रहे रामायण कॉन्क्लेव का समापन भी चैत्र राम नवमी मेले के दौरान अयोध्या में होगा। अयोध्या में रामकथा पार्क नयाघाट पर श्रीराम जन्मोत्सव का आयोजन संस्कृति एवं पर्यटन विभाग से कराया जाएगा। इसमें प्रभु श्रीराम पर आधारित गायन, वादन, पारंपरिक नृत्य, रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रामलीला आदि के कार्यक्रम होंगे। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आने की संभावना है। कार्यक्रम को भव्य एवं वृहद स्तर पर मनाए जाएगा ।कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन, सिंचाई, बाढ़ खंड, नगर निगम, पुलिस, यातायात, विद्युत, लोक निर्माण, अयोध्या विकास प्राधिकरण, पर्यटन संस्कृति, सूचना, परिवहन सहित अन्य संबंधित विभागों को तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।उप सूचना निदेशक डॉ. मुरलीधर सिंह ने बताया कि चैत्र रामनवमी मेला में 500 होर्डिंग्स, 1000 स्टैंडी, 25 एलईडी बैन, 20 डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाएगा।