लखनऊ में ‘गुंडा’ कहने पर भड़के एबीवीपी कार्यकर्ता, मंत्री ओपी राजभर के आवास पर काटा बवाल, जमकर चले ईंट-पत्थर

(रणभेरी): मंत्री ओपी राजभर के खिलाफ बुधवार रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा। कार्यकर्ता एकजुट होकर रात करीब 9 बजे लखनऊ में मंत्री के आवास पहुंचे। नारेबाजी करते हुए मंत्री का आवास घेर लिया। वहीं पर ओपी राजभर का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं धक्का-मुक्की हुई। आवास के अंदर ईंट-पत्थर और जूते-चप्पल फेंके गए। कार्यकर्ताओं ने शोर मचाते हुए मंत्री को बाहर निकलने के लिए कहा।
एबीवीपी सदस्य पुष्पेंद्र बाजपेई ने जोर देकर कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है जो शैक्षिक मूल्यों पर काम करता है। उन्होंने कहा, "हमारा संगठन दुनिया का सबसे बड़ा और अनुशासित संगठन है, जो एक शैक्षिक परिवार की कल्पना करता है।" यह बयान सीधे तौर पर ओपी राजभर की राजनीति और उनके फैसलों को चुनौती देने के रूप में देखा जा रहा है। एबीवीपी सदस्य पुष्पेंद्र बाजपेई ने ओपी राजभर को सीधे तौर पर चुनौती देते हुए कहा, "ओम प्रकाश राजभर खुद गुंडा हैं और गुंडई के दम पर सरकार में आए हैं। जीवनभर गुंडई करने वाला, जाति की राजनीति करने वाला, आज हमें गुंडा कह रहा है।"
बाजपेई ने कहा कि जब तक ओपी राजभर इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि पूरे प्रदेश में उनके पुतले जलाए जाएंगे। मंत्री ओपी राजभर ने ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के सवाल पर कहा- संविधान से देश चल रहा है। देश कानून से चलता है। आप शिक्षा मंत्री से मिलो, प्रमुख सचिव शिक्षा से मिलो, मुख्यमंत्री से मिलो। यहां से काम नहीं होता तो रक्षा मंत्री से मिलो। प्रधानमंत्री से मिलो। कानून तोड़ने पर प्रधानमंत्री को भी जेल जाना पड़ा। लालूजी को जेल जाना पड़ा। केजरीवाल को जेल जाना पड़ा। पुलिस का काम है लॉ एंड ऑर्डर कंट्रोल करना। अगर आप गुंडागर्दी करोगे तो पुलिस कार्रवाई करेगी। पहले प्यार से मनाएगी, नहीं मानोगे तो जबरदस्ती मनाएगी। तब भी नहीं मानोगे तो डंडा तो चलेगा ना।