स्कूल जा रही 10वीं की छात्रा का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म, बस स्टैंड पर फेंक आरोपी फरार

स्कूल जा रही 10वीं की छात्रा का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म, बस स्टैंड पर फेंक आरोपी फरार

(रणभेरी): यूपी के एटा जिले में स्कूल जा रही एक 10वीं कक्षा की छात्रा को अगवा करके सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद आरोपी उसे बस स्टैंड के पास फेंककर भाग गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये घटना थाना व कस्बा अलीगंज की है। बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे कक्षा दसवीं की एक छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली। पीड़िता ने बताया कि रास्ते में कार सवार तीन युवकों ने उसे अगवा कर लिया। इसके बाद उसे दिल्ली के संगम विहार ले गए। वहां पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे यातनाएं दीं। इससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे उसे इसी हालत में आनंद विहार बस स्टैंड के पास डालकर फरार गए। यहां से छात्रा किसी तरह बस में बैठकर एटा वापस पहुंची। उसके पास टिकट के भी पैसे नहीं थे तो सवारियों ने चंदा करके उसे टिकट दिलाया। एटा पहुंचने पर छात्रा बेहोश होकर गिर गई। यहां से कुछ लोगों ने सुबह करीब 11 बजे उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। छात्रा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसे किस तरह की यातनाएं दी गई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।