द्रौपदी मुर्मू ने किया राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन,पीएम मोदी सहित कई मुख्यमंत्री रहे मौजूद

द्रौपदी मुर्मू ने किया राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन,पीएम मोदी सहित कई मुख्यमंत्री रहे मौजूद

(रणभेरी): भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की ओर से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आज संसद भवन पहुंची और नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। द्रौपदी मुर्मू अपना नामांकन दाखिल करने के लिए शुक्रवार 24 जून को ओडिशा भवन से संसद भवन पहुंचीं। इस दौरान द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन में महात्मा गांधी, अंबेडकर और बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं को पुष्पांजलि अर्पित की। नामांकन के दौरान उनके साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता नामांकन के दौरान मौजूद रहे। राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचीं मुर्मू ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह से मुलाकात की।

बताया जा रहा है कि द्रौपदी मुर्मू बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात भी करेंगी। दरअसल, राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना है। राष्ट्रपति पद के लिए एनडीएम ने द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा को। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अपना नामांकन दाखिल करने के लिए शुक्रवार 24 जून को ओडिशा भवन से संसद भवन पहुंचीं। यहां बीजेपी सांसदों ने उनका स्वागत किया। द्रौपदी मुर्मू के नामांकन दाखिल करने से पहले उत्तराखंड के सीएम धामी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाना साबित करता है कि समाज में अंतिम छोड़ पर खड़े व्यक्ति को आगे लाना BJP का काम है।'

द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में शामिल होने संसद भवन पहुंचे कर्नाटक सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि वो बहुत ही विनम्र महिला हैं और विनम्र पृष्ठभूमि से आती हैं। वो पढ़ी-लिखी और विधायिका एवं प्रशासक के रूप में सक्षम हैं। मुझे लगता है कि हमारे पीएम, एनडीए और भाजपा ने उचित निर्णय लिया है। बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि विपक्ष आज घड़ियाली आंसू न बहाए और महिलाओं का सम्मान करे क्योंकि हमारी संस्कृति महिला सम्मान की है। भारतीय संस्कृति से जुड़े लोग उनको मना नहीं करेंगे। विपक्ष से प्रार्थना है कि अपनी नाकामी न दिखाएं और सर्वसम्मति से द्रौपदी मुर्मू जी को चुने।