लालगंज में पेड़ से लटकी मिली भाई-बहन की लाश, जांच में जुटी पुलिस

(रणभेरी): मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के निनवार उत्तर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मौसेरे भाई-बहन ने आम के पेड़ पर एक ही रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय गोपाल दुबे और 30 वर्षीय गायत्री उर्फ गुड़िया के रूप में हुई है। गायत्री शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां थी। उसके बच्चों की उम्र 12 और 10 वर्ष है।
घटना सोमवार की भोर में हुई। गांव के तालाब के पास स्थित आम के पेड़ पर सुबह ग्रामीणों ने दोनों के शव लटके हुए देखे। ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण स्तब्ध हैं कि ऐसा आत्मघाती कदम आखिर क्यों उठाया गया? पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि युवक व युवती का फंदे से लटका शव मिला है। जांच की जा रही है।