केंद्रीय पुस्तकालय में रखी जाएंगी पीएम मोदी पर लिखी पुस्तकें

 केंद्रीय पुस्तकालय में रखी जाएंगी पीएम मोदी पर लिखी पुस्तकें

वाराणसी (रणभेरी सं.)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विद्यार्थी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी पुस्तकों को पढ़ सकेंगे। विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय की ओर से पुस्तकें खरीदी जाएंगी। केंद्रीय पुस्तकालय में एक स्पेशल कलेक्शन कॉर्नर भी बनवाया जाएगा।  इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े महापुरुषों (शिवप्रसाद गुप्त, महात्मा गांधी, मुंशी प्रेमचंद, आचार्य नरेंद्र देव) और उन पर लिखी पुस्तकें भी खरीदी जाएंगी। विश्वविद्यालय की पुस्तक क्रय समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया है।

प्रशासनिक भवन के सामने बने केंद्रीय पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए पुस्तकों की खरीद, पुस्तकालय में अन्य सुविधाओं को लेकर 22 जुलाई को कुलपति प्रो. एके त्यागी की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसके मिनट्स भी वेबसाइट पर अपलोड हो चुके हैं। बैठक में कई फैसले लिए गए, लेकिन कुलपति की अनुमति से अन्य बिंदुओं पर विचार की बात सामने आई तो समिति के सदस्यों ने प्रधानमंत्री पर लिखी गई पुस्तक को खरीदने का फैसला लिया।

आडिट आपत्ति के बाद अब सजगता बरतेगा विश्वविद्यालय

काशी विद्यापीठ में रूसा योजना के तहत बुक बैंक की स्थापना के लिए जो पुस्तकें खरीदी गई थीं, उस पर आॅडिट आपत्ति आने के बाद अब खरीदारी में सजगता बरती जाएगी। उत्तर प्रदेश महालेखाकार के संपरीक्षा दल की ओर से आपत्ति लगाई गई थी।  अब केंद्रीय पुस्तकालय के साथ ही विभागीय पुस्तकालय में पुस्तकों की खरीदारी में पारदर्शिता, मितव्ययिता लाने के उद्देश्य से भी फैसले हुए हैं। पुस्तकों की खरीदारी के लिए आंतरिक उपसमिति भी गठित की गई है।
देश में पहले भी जो प्रधानमंत्री (पं. जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, अटल विहारी वाजपेयी) रहे हैं, उन पर लिखी पुस्तकें विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में रखी हैं। पीएम नरेंद्र मोदी पर लिखी पुस्तकें कोविड काल में खरीदी जानी थी। महापुरुषों पर आधारित पुस्तकें भी मंगाई जाएंगी। - प्रो. एके त्यागी, कुलपति, काशी विद्यापीठ