मुख्तार अंसारी पर बड़ी कार्रवाई: प्रशासन ने की पांच करोड़ 10 लाख की बेनामी संपत्ति कुर्क

मुख्तार अंसारी पर बड़ी कार्रवाई: प्रशासन ने की पांच करोड़ 10 लाख की बेनामी संपत्ति कुर्क

(रणभेरी): यूपी के गाजीपुर जिले में प्रशासन ने बांदा जेल में बंद बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी पर एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन ने आईएस-191 गैंग के सरगना मुख्तार अंसारी की पांच करोड़ 10 लाख की बेनामी संपत्ति कुर्क कर ली। उक्त जमीन मुख्तार के साले अनवर शहजाद और सरजील रजा के नाम दर्ज थी। प्रशासन की इस कार्रवाई से मुख्तार के समर्थकों एवं रिश्तेदारों में हड़कंप मचा है। जिलाधिकारी ने पुलिस की आख्या पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत आईएस 191 गैंग के लीडर मुख्तार अंसारी के साले अनवर शहजाद और सरजील रजा के नाम दर्ज मोहल्ला बबेड़ी स्थित व्यवसायिक भूमि की कुर्की का निर्देश दिया। बुधवार को पुलिस प्रशासन द्वारा उक्त भूमि की कुर्की की कार्रवाई की गई।

बबेड़ी स्थित उक्त भूमि का क्षेत्रफल 0.3134 हेक्टेयर है। बाजार मूल्य लगभग 5 करोड़ 10 लाख रुपए है। उक्त कुर्की को मिलाकर अब तक गाजीपुर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा मुख्तार अंसारी की लगभग 65 करोड़ की संपत्ति की कुर्की की जा चुकी है। वहीं मुख्तार अंसारी गैंग से सबंधित लगभग 109 करोड़ की अवैध संपत्ति का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है। गाजीपुर पुलिस प्रशासन ने अप्रैल माह में मुख्तार के खिलाफ ये दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले 10 अप्रैल को तीन करोड़ 50 लाख रुपये की बेनामी संपत्ति कुर्की हुई थी। महुआबाग स्थित शुभ्रा कॉम्प्लेक्स सामने यह प्लॉट ( 811 वर्ग मीटर ) मुख्तार अंसारी की मां राबिया खातून के नाम पर थी।