मुरादाबाद में बजरंग दल संयोजक की गोली मारकर हत्या, इंस्टाग्राम विवाद बना वजह

(रणभेरी): कटघर थाना क्षेत्र के बलदेवपुरी वसंत विहार चौराहे पर सोमवार शाम बजरंग दल सूरज नगर खंड के संयोजक शोभित ठाकुर उर्फ भूरा (20) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। चार माह पहले एक लड़की को लेकर इंस्टाग्राम पर हुए विवाद को ही हत्या की वजह माना जा रहा है। वारदात के बाद बजरंग दल कार्यकर्ता बेकाबू हो गए और थाने पर करीब दो घंटे तक हंगामा करते रहे। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और दबिश जारी है।
शोभित ठाकुर कटघर के गुलाबबाड़ी चुंगी सूरज नगर का निवासी था और दसवीं कक्षा में पढ़ता था। सोमवार को वह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। शाम पांच बजे चौराहे पर पहुंचे जतिन उर्फ लाला, अक्कू शर्मा, अविनाश पासी और रोहित जाटव ने उसे घेर लिया। इसी दौरान अक्कू ने कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता थाने पर जुट गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को कोतवाली, सिविल लाइंस, गलशहीद और मुगलपुरा थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। इस बीच पुलिस कर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मामला बढ़ता देख विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अविनाश और शोभित के बीच इंस्टाग्राम पर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में हत्या की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
इकलौते बेटे की मौत से शोभित का परिवार गहरे सदमे में है। फैक्ट्री में काम करने वाले पिता घनश्याम ठाकुर और मां नीरज का रो-रोकर बुरा हाल है। शोभित की पांच बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। परिवार अब भी यकीन नहीं कर पा रहा कि उनका चिराग इतनी जल्दी उनसे छिन गया।