मणिपुर में दो जगह सेना पर हमला, असम राइफल्स के दो जवान घायल

मणिपुर में दो जगह सेना पर हमला, असम राइफल्स के दो जवान घायल

(रणभेरी): मणिपुर में दो जिलों में शनिवार को सेना और असम राइफल्स के संयुक्त पेट्रोल टीम पर हमले किए गए। सेनापति जिले में पहला हमला सुबह करीब 11.25 बजे हुआ जबकि दूसरा हमला चुराचांदपुर जिले में दोपहर करीब 12.45 बजे हुआ। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान घायल हो गए हैं। चुराचांदपुर में उग्रवादियों के खिलाफ अभी भी ऑपरेशन जारी है। हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। मणिपुर में शांति बहाली के लिए सेना, असम राइफल्स और मणिपुर की पुलिस लगातार गश्त कर रही है। इसमें अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जवानों के जवाबी फायरिंग पर आतंकवादी भाग गए। इसके बाद सर्च ऑपरेशन में जवानों ने दो राइफल और गोलाबारूद बरामद किया। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के त्रोंग्लोबी में गुरुवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने एक पुलिस गश्ती दल पर हमला कर दिया था। इस हमले में मणिपुर पुलिस के एक कमांडो की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।