विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा के सभी नौ प्रत्याशियों ने किया नामांकन

विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा के सभी नौ प्रत्याशियों ने किया नामांकन

(रणभेरी): यूपी विधान परिषद् चुनाव के लिए भाजपा के नौ उम्मीदवारों ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के अंतिम दिन भाजपा के प्रत्याशी नरेन्द्र कश्यप कोरोना संक्रमित होने के कारण अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके। उनके प्रस्तावक ने उनका दाखिल किया। भाजपा ने मैदान में योगी आदित्यनाथ सरकार के साथ मंत्रियों सहित नौ प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। नामांकन करने के लिए सभी नौ प्रत्याशियों ने भाजपा कार्यालय से एक साथ विधान भवन में जाकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु, जसवंत सैनी, दानिश आजाद अंसारी, भाजपा के लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा और बनवारीलाल दोहरे ने नामांकन दाखिल किया। प्रदेश में 13 विधान परिषद सीटों के लिए नामांकन दाखिल किए गए हैं। जिसमें से भाजपा के नौ और सपा के चार उम्मीदवार हैं। सभी का निर्विरोध निर्वाचन तय है।

केशव मौर्य और भूपेंद्र सिंह का कार्यकाल 6 जुलाई को समाप्त हो रहा है। जबकि सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप, आयुष, खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी किसी भी सदन के सदस्य नहीं है। भाजपा ने केशव और भूपेंद्र सिंह सहित सभी सात मंत्रियों को भी विधान परिषद भेजने का निर्णय लिया है।

भाजपा ने बुधवार को ही अपने नौ प्रत्याशियों का नाम फाइनल करने के बाद सूची जारी की थी। इन सभी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देने के साथ ही विजय की शुभकामना भी दी थी। प्रदेश में विधान परिषद की 13 सीट के लिए 20 जून को मतदान होना है। भारतीय जनता पार्टी के नौ के साथ समाजवादी पार्टी के चार प्रत्याशी मैदान में हैं। समाजवादी पार्टी के चारों प्रत्याशियों ने अपना-अपना नामांकन पत्र बुधवार को ही दाखिल कर दिया था।